आमेट पंचायत चुनाव: 31 ग्राम पंचायतों में शांतिपूर्ण मतदान, दोपहर 3 बजे तक 57.68% वोटिंग
आमेट पंचायत समिति की 31 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान जारी है, जिसमें बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए विशेष सहायता की व्यवस्था की गई।

आगरिया मतदान केंद्र पर विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ ने पत्नी संग किया मतदान।
आमेट पंचायत समिति की 31 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए शनिवार को उत्साह और उमंग के बीच शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं। विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ ने भी अपनी पत्नी कृष्णा कंवर के साथ आगरिया स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह 7 बजे सेलागुडा-गोवल, ढेलाणा, लिकी, राछेटी, सरदारगढ़, आगरिया, आईडाणा, सियाणा, जेतपुरा और बिकावास सहित सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लग गईं। दोपहर 1 बजे तक मतदान प्रतिशत 40.26 तक पहुंच गया। इसके बाद मतदान की रफ्तार बढ़ी और शाम 3 बजे तक कुल 57.68 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
सरपंच और वार्ड पंच पदों के प्रत्याशियों के समर्थक दिनभर घर-घर जाकर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करते रहे। कई समर्थक मतदाताओं को वाहनों में बैठाकर मतदान केंद्रों तक पहुंचाते नजर आए। प्रत्येक ग्राम पंचायत में 4/5 से अधिक सरपंच और वार्ड पंच प्रत्याशियों के चुनाव मैदान में होने के कारण मतदान केंद्रों के बाहर दिनभर मतदाताओं, राजनीतिक पार्टियों और प्रत्याशियों के समर्थकों की चहल-पहल बनी रही।
मतदान के दौरान बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को विशेष सहायता उपलब्ध कराई गई। स्काउट गाइड के कार्यकर्ताओं ने व्हीलचेयर की मदद से उन्हें मतदान स्थल तक पहुंचाने और मतदान के बाद वापस उनके वाहनों तक ले जाने में सहयोग किया। वहीं, पीठासीन अधिकारी दिनभर मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और व्यवस्थाओं की जानकारी लेते रहे।
विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ अपनी पत्नी कृष्णा कंवर के साथ आगरिया स्थित मतदान केंद्र पहुंचे और मतदान किया। सरदारगढ़, लिकी, सेलागुडा, सियाणा, ढेलाणा, बिकावास और आगरिया सहित विभिन्न मतदान केंद्रों पर भाजपा, कांग्रेस समर्थकों और निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली।
चुनाव के दौरान भाजपा और कांग्रेस के जनप्रतिनिधि भी आमेट तहसील क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के मतदान केंद्रों पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया और मतदान व्यवस्थाओं की जानकारी ली। शाम को समाचार लिखे जाने तक मतदान प्रक्रिया जारी थी।
आमेट पंचायत समिति की 31 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए हुए मतदान में दोपहर 3 बजे तक 57.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान केंद्रों पर प्रशासनिक निगरानी, मतदाताओं की भागीदारी और बुजुर्गों एवं दिव्यांगों की सहायता के बीच चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ती रही।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand
नाम: मुबारिक-अजनबी
वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)
कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)
अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव
परिचय एवं कार्यक्षेत्र
मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
बीट (मुख्य विषय)
- विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
- नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।
