आमेट नगरपालिका चुनाव: भाजपा और कांग्रेस ने झोंकी ताकत, प्रचार तेज
9 सितंबर को होने वाले मतदान से पहले उम्मीदवारों ने घर-घर जाकर समर्थन मांगा, दोनों दलों ने चुनावी कार्यालयों का उद्घाटन कर प्रचार की गति बढ़ाई।

तस्वीर में आमेट में चुनावी कार्यालय के बाहर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता खड़े दिख रहे हैं।
आमेट नगरपालिका मंडल में 9 सितम्बर 2026 को होने वाले चुनाव को लेकर वस्त्र नगरी आमेट में सियासी हलचल तेज हो गई है। नामांकन और संवीक्षा की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों ने जीत के लिए चुनावी रणनीति तेज कर दी है। पार्षद प्रत्याशी समर्थकों के साथ घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से धोक लगा रहे हैं और हाथ जोड़कर समर्थन की मनुहार कर रहे हैं। इससे वार्डों में चुनावी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है।
भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के जनप्रतिनिधि अपनी-अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में अभिजीत मुहूर्त में चुनावी कार्यालयों का शुभारंभ कर माहौल अपने पक्ष में करने में जुटे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगरपालिका मंडल के चुनाव में कांग्रेस की ओर से निवर्तमान पालिकाध्यक्ष कैलाश मेवाड़ा और भाजपा की ओर से विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ ने चुनावी कमान संभाली हुई है। दोनों नेताओं के कमान संभालने के बाद नगर में चुनाव प्रचार की रंगत दिखाई देने लगी है।
ढोल-धमाकों के साथ नगरपालिका के निवर्तमान अध्यक्ष कैलाश मेवाड़ा ने नगर के वार्ड नंबर 10 से पार्षद पद के प्रत्याशी ईलाहीबक्ष के समर्थन में कुरैशी मोहल्ला में फीता काटकर चुनावी कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पालिका उपाध्यक्ष हाजी मीरू खांन मंसुरी, पूर्व नगर अध्यक्ष शब्बीर बोहरा, प्रदीप सिंह राठौड़, आजाद शाह, हारून कुरैशी, सिराज शैख, प्रकाश खटीक, सुरेश सिंह खिंची, सुरेश पारीक, भारत त्रिवेदी, ताहिर शोरघर, फिरोज शेख़, रोशनलाल तेली, मांगीलाल मेवाड़ा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर निवर्तमान चेयरमैन कैलाश मेवाड़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव सभी को साथ लेकर चलती आई है। नगर के सभी वार्डों में बिना भेदभाव के विकास के कार्य पहले भी करवाए हैं और आने वाले समय में भी करवाए जाएंगे। मेवाड़ा ने नगर के सभी वार्डों के मतदाताओं से आह्वान किया कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं।
वहीं दूसरी ओर विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ ने ढोल-धमाकों और बड़ी संख्या में समर्थकों के हुजूम के साथ नगर के वार्ड नंबर 6 में भाजपा प्रत्याशी भंवरी देवी रेबारी और वार्ड संख्या 15 में भाजपा प्रत्याशी मनोहर सिंह राठौड़ के समर्थन में होली स्थान के समीप कार्यकर्ताओं के हुजूम के बीच फीता काटकर चुनावी कार्यालय का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक राठौड़ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार कार्यकर्ताओं के भारी उत्साह और एकजुटता से हम सभी 25 ही वार्डों में विजय हासिल करने जा रहे हैं। पिछले कांग्रेस बोर्ड में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था, जिससे जनता दुखी थी। अब जनता 9 तारीख को कमल का बटन दबाकर भाजपा का बोर्ड बनाएगी। कार्यक्रम में भाजपा प्रत्याशी मनोहर सिंह राठौड़, सुनील गांधी, अशोक गेलड़ा, राजेंद्र लोहार, अजय देवपुरा, सज्जनसिंह सोलंकी, जयसिंह भाटी, पुष्पेंद्र सिंह चुंडावत, उदयसिंह डोडिया, मोहनसिंह टॉक, रोशनलाल कोठारी, घनश्यामसिंह राठौड़, ओमसिंह राठौड़, संदीप गांधी, तेजपालसिंह चुंडावत, नारायण सिंह भाटी, प्रकाश पालीवाल, अंकित माहेश्वरी, दिनेश सरनोत सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। भाजपा और कांग्रेस के चुनावी कार्यालयों के शुभारंभ के साथ आमेट नगरपालिका चुनाव में प्रचार अभियान ने जोर पकड़ लिया है और वार्डों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand
नाम: मुबारिक-अजनबी
वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)
कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)
अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव
परिचय एवं कार्यक्षेत्र
मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
बीट (मुख्य विषय)
- विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
- नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।
