स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत मैत्री वीरा आमेट द्वारा पर्यावरण स्वच्छता कार्यशाला का आयोजन कर बच्चों को सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रति जागरूक किया गया।

महावीर इंटरनेशनल (अपेक्स) के 52वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 1 से 14 जुलाई तक आयोजित विशेष पखवाड़े के अंतर्गत महावीर इंटरनेशनल मैत्री वीरा आमेट द्वारा 2 जुलाई को गांगागुड़ा राजकीय प्राथमिक विद्यालय में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण स्वच्छता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार का संदेश देते हुए बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

मैत्री वीरा आमेट की ओर से आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि पौधे ऐसे स्थान पर लगाए जाएं, जहां उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित हो सके। इसी उद्देश्य से विद्यालय परिसर में नीम, जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कुछ पौधे संस्था की वीरा बहनों ने लगाए, जबकि कुछ पौधे विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों से लगवाए जाने का निर्णय लिया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को वृक्षों की उपयोगिता और जीवन में उनके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें अपने हाथों से एक-एक पौधा लगाने, उसकी नियमित देखभाल करने तथा पौधे पर अपनी पहचान के लिए कोई विशेष चिन्ह अंकित करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि भविष्य में विद्यालय आने पर वे अपने लगाए गए वृक्ष को देखकर गर्व का अनुभव कर सकें और अन्य लोगों को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करें।

विद्यालय की शिक्षिका सुरभि ने विद्यार्थियों से पौधारोपण करवाने तथा उनकी देखभाल की जिम्मेदारी लेने का भरोसा दिलाया, जिस पर संस्था की ओर से उनका आभार व्यक्त किया गया। संस्था ने बताया कि विद्यालय में वृक्षारोपण का उद्देश्य बच्चों में प्रारंभिक अवस्था से ही पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के महत्व और उनकी उपयोगिता के प्रति जागरूकता विकसित करना है, ताकि जिस प्रकार बच्चे खेलते-कूदते बड़े होते हैं, उसी प्रकार वे लगाए गए पौधों की भी देखभाल करते हुए उन्हें विकसित करें।

कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्ष मनीषा छाजेड़ ने बच्चों को सिंगल यूज प्लास्टिक और एक बार उपयोग के बाद फेंकी जाने वाली प्लास्टिक सामग्री का उपयोग नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि ऐसी वस्तुएं पर्यावरण को प्रदूषित करती हैं तथा स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक होती हैं। उन्होंने कहा कि गर्म खाद्य पदार्थ या पेय पदार्थ प्लास्टिक में लेने या सेवन करने से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी होने की आशंका बढ़ सकती है, इसलिए प्लास्टिक का उपयोग यथासंभव कम करना चाहिए।

इस अवसर पर बच्चों को पांच मिनट तक महाप्राण ध्वनि का अभ्यास भी कराया गया। संस्था की ओर से विद्यालय की शिक्षिका सुरभि से आग्रह किया गया कि बच्चों के मस्तिष्क के बेहतर विकास के लिए उन्हें प्रतिदिन इसका अभ्यास कराया जाए।

कार्यक्रम की प्रायोजक वीरा उमा हिरण रहीं। आयोजन में अध्यक्ष मनीषा छाजेड़, मंत्री वीरा मनीषा डांगी, वीरा अंजू कोठारी, वीरा निर्मला कोठारी, वीरा कमला रानी भरसरिया, वीरा रेखा खाब्या, वीरा उमा हिरण तथा वीरा लीला ढीलीवाल सहित स्थानीय सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की शिक्षिका सुरभि ने महावीर इंटरनेशनल मैत्री वीरा आमेट द्वारा किए गए इस सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान की सराहना करते हुए संस्था का आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story