आमेट और कुंभलगढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस का बहुमत, भाजपा को झटका
31 साल बाद आमेट में कांग्रेस की जीत; टिकट रणनीति, स्थानीय जनसंपर्क और बुनियादी सुविधाओं के मुद्दों ने बदला समीकरण।

आमेट। कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति चुनाव के नतीजों ने वर्षों से कायम भाजपा के राजनीतिक वर्चस्व को बड़ा झटका दिया है। आमेट और कुंभलगढ़ पंचायत समितियों में कांग्रेस ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया, जबकि चारभुजा पंचायत समिति में भी पार्टी ने सम्मानजनक प्रदर्शन किया। आमेट पंचायत समिति में करीब 31 वर्ष बाद कांग्रेस की इस ऐतिहासिक जीत ने क्षेत्र की राजनीति में नए समीकरण पैदा कर दिए हैं।
जिस कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र को भाजपा अपना मजबूत और अजेय राजनीतिक गढ़ मानती रही है, वहां सत्ता पक्ष के नेता आमेट-कुंभलगढ़ क्षेत्र को कांग्रेस विहीन करने के दावे करते रहे। लेकिन पंचायत समिति चुनाव के परिणामों ने इन दावों के सामने नई राजनीतिक चुनौती खड़ी कर दी है। पिछले चुनाव की तुलना में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बहुमत हासिल किया।
इस बार कांग्रेस नेतृत्व ने पिछली हार से सबक लेते हुए अपनी चुनावी रणनीति में बदलाव किया। टिकट वितरण में सूझबूझ दिखाते हुए जिताऊ उम्मीदवारों का चयन किया गया। मजबूत सामाजिक समीकरण बनाने के साथ कार्यकर्ताओं की एकजुटता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इन प्रयासों ने पार्टी को निर्णायक बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
यह जीत केवल पंचायत समिति की सत्ता तक सीमित नहीं मानी जा रही, बल्कि इसे भाजपा के राजनीतिक वर्चस्व, स्थानीय नेतृत्व की कार्यशैली और पिछले वर्षों के शासन को लेकर जनता के बदलते रुख के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।
हार के बाद भी जनता के बीच सक्रिय रहे परमार, संघर्ष का मिला परिणाम
कांग्रेस की इस ऐतिहासिक जीत के पीछे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के युवा प्रत्याशी योगेन्द्र सिंह परमार, पूर्व विधायक गणेश सिंह परमार, प्रदेश कांग्रेस सचिव दिलीप सिंह राव, नगरपालिका आमेट के पूर्व चेयरमैन कैलाश मेवाड़ा और पूर्व उप चेयरमैन हाजी मीरू खांन मंसुरी की निरंतर सक्रियता, संगठनात्मक क्षमता और राजनीतिक दूरदर्शिता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विधानसभा चुनाव में पराजय के बाद भी इन नेताओं ने क्षेत्र की राजनीति से दूरी नहीं बनाई। वे लगातार गांवों में पहुंचते रहे, आमजन के सुख-दुख में सहभागी बने, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया और जनता के बीच कांग्रेस की आवाज बुलंद करते रहे। चुनाव परिणामों में उनके इसी निरंतर संघर्ष और जनसंपर्क का असर दिखाई दिया।
टिकट वितरण में दिखाई सूझबूझ, कांग्रेस ने बदली चुनावी रणनीति
कांग्रेस ने इस बार चुनावी रणनीति को अधिक व्यावहारिक और मजबूत बनाया। टिकट वितरण के दौरान स्थानीय जनाधार, उम्मीदवारों की लोकप्रियता, सामाजिक समीकरण, कार्यकर्ताओं की स्वीकार्यता और चुनाव जीतने की क्षमता को प्राथमिकता दी गई। पार्टी ने ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतारा, जो भाजपा के मजबूत प्रत्याशियों को चुनौती देने का दम रखते थे।
इस रणनीति का नतीजा रहा कि कांग्रेस ने आमेट और कुंभलगढ़ पंचायत समिति में बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया। वहीं, चारभुजा पंचायत समिति में भी सम्मानजनक प्रदर्शन करते हुए भाजपा के मजबूत क्षेत्रीय गढ़ों और सत्ता पक्ष के बड़े जनप्रतिनिधियों को चुनावी चुनौती दी।
विकास के दावों के बीच मूलभूत सुविधाओं के सवाल बने चुनावी मुद्दा
कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से भाजपा का राजनीतिक दबदबा रहा है। विधानसभा क्षेत्र में करीब 15 वर्षों से, पंचायत समिति आमेट में 31 वर्षों से और कुंभलगढ़ पंचायत समिति में करीब 15 वर्षों से भाजपा का वर्चस्व रहा है। इसके बावजूद क्षेत्र की जनता आज भी पेयजल, सड़क, यातायात के साधन, चिकित्सा, बिजली, शिक्षा, सिंचाई और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से जूझ रही है।
किसानों को खेतों तक पानी पहुंचाने और सिंचाई सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और युवाओं के रोजगार के सवाल भी लगातार उठते रहे हैं। दूसरी ओर, सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि चौपालों और राजनीतिक मंचों पर क्षेत्र में विकास के बड़े-बड़े दावे करते रहे हैं।
हालांकि, विकास के दावों के बीच जनता के मूलभूत सवाल लगातार बने हुए हैं। चौपालों पर जनता के सवालों का जवाब देना ही जनप्रतिनिधियों के लिए वास्तविक कसौटी है। पंचायत समिति चुनाव के परिणामों को इसी बदलते राजनीतिक माहौल से जोड़कर देखा जा रहा है।
भाजपा के लिए खतरे की घंटी, कांग्रेस को विधानसभा चुनाव की नई उम्मीद
कुंभलगढ़ और आमेट पंचायत समिति चुनाव के परिणाम भाजपा के लिए महज सीटों का नुकसान नहीं, बल्कि वर्षों से चले आ रहे राजनीतिक वर्चस्व पर आत्ममंथन का अवसर बनकर सामने आए हैं। कांग्रेस की सफलता ने यह संकेत दिया है कि जनता का विश्वास स्थायी रूप से किसी एक राजनीतिक दल की जागीर नहीं होता।
वहीं, कांग्रेस के लिए यह जीत आगामी विधानसभा चुनाव की दिशा में नई ऊर्जा, संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं के आत्मविश्वास का आधार बन सकती है। करीब 31 वर्षों बाद आमेट पंचायत समिति में मिली ऐतिहासिक सफलता ने पार्टी को क्षेत्र में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने का अवसर दिया है।
दूसरी ओर, चुनाव परिणाम सामने आने के बाद आमेट-कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं में निराशा का माहौल बताया जा रहा है। कल तक जीत का सेहरा अपने सिर बांधने का दावा करने वाले कार्यकर्ता अब हार की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डालने में जुट गए हैं। पंचायत समिति चुनाव के इन नतीजों ने क्षेत्र की राजनीति में भाजपा के पुराने दबदबे को चुनौती देते हुए कांग्रेस के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल दिए हैं।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand
नाम: मुबारिक-अजनबी
वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)
कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)
अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव
परिचय एवं कार्यक्षेत्र
मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
बीट (मुख्य विषय)
- विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
- नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।
