आमेट: किशनपुरिया लोहार की ओडी में हैंडपंप खराब, 25 घरों में जल संकट
ग्राम पंचायत घोसुंडी के गांव में दो माह से हैंडपंप खराब होने के कारण ग्रामीण परेशान हैं, प्रशासन से पाइप डालने की मांग की गई है।

राजसमंद की आमेट तहसील के किशनपुरिया लोहार की ओडी बस्ती में खराब पड़ा एकमात्र हैंडपंप, जिसके कारण भीषण गर्मी में ग्रामीणों को दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
आमेट तहसील की ग्राम पंचायत घोसुंडी के अंतर्गत गांव किशनपुरिया लोहार की ऑडी में बीते करीब 2 माह से एकमात्र हैंडपंप पानी की जगह हवा फेंक रहा है, जिससे भीषण गर्मी के बीच 25 घरों की बस्ती गंभीर जल संकट से जूझ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार हैंडपंप में पाइप डालने का कार्य लंबे समय से अटका हुआ है। आरोप है कि जिम्मेदार विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर मामले को टाल रहे हैं। जलदाय विभाग पंचायत पर जिम्मेदारी डाल रहा है, जबकि पंचायत जलदाय विभाग को जिम्मेदार ठहरा रही है। इस आपसी खींचतान का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
पानी की कमी के कारण महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। बढ़ती गर्मी के साथ स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है और जल संकट ने बस्ती के जीवन को प्रभावित कर दिया है।
ग्रामीणों में नारायण लाल लोहार, रूपलाल लोहार, मदन लाल लोहार, भेरूलाल लोहार, लालाराम लोहार, जीतू लाल लोहार, बालूराम लाल, अंशी देवी सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से समस्या के त्वरित समाधान की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही हैंडपंप को दुरुस्त कर पाइप नहीं डाली गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर हैंडपंप को चालू कराने और जिम्मेदार विभाग पर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके। यह मामला न केवल पेयजल संकट को उजागर करता है, बल्कि विभागीय समन्वय की कमी को भी सामने लाता है।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand
नाम: मुबारिक-अजनबी
वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)
कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)
अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव
परिचय एवं कार्यक्षेत्र
मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
बीट (मुख्य विषय)
- विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
- नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।
