डेकवाड़ा में अवैध शराब की दुकान के खिलाफ ग्रामीणों का मोर्चा, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
आमेट के डेकवाड़ा गांव में अवैध शराब दुकान हटाने की मांग तेज, ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की।

तस्वीर में आमेट के डेकवाड़ा गांव के ग्रामीण अवैध शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।
उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत साकरड़ा के डेकवाड़ा गांव में अवैध रूप से संचालित शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को तहसीलदार आमेट को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि डेकवाड़ा गांव में पहले से कोई शराब का ठेका संचालित नहीं था, लेकिन पिछले तीन-चार दिनों से एक कंटेनर में अवैध रूप से शराब की बिक्री शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों के अनुसार, दुकान के बाहर दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे महिलाओं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि 27 जुलाई को गांव की महिलाओं के साथ शराब के नशे में धुत कुछ लोगों ने अभद्र व्यवहार किया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने प्रशासन से अवैध शराब की दुकान हटाने की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि शराब की दुकान के कारण क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों की आशंका बढ़ रही है। उनका कहना है कि शाम के समय महिलाएं और बच्चे उस मार्ग से निकलने में असहज महसूस कर रहे हैं।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध शराब की दुकान को तत्काल हटाने, कंटेनर को जब्त कर नीलाम करने और भविष्य में गांव में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो समस्त ग्रामवासी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान शिवलाल सालवी, शंकर लाल गुर्जर, बाबूलाल गुर्जर, उदयलाल गुर्जर, मुकेशलोहार, भेरूलाल लोहार, शेषमल सालवी, मेघाराम सालवी, लादूलाल सालवी, मांगीलाल सालवी सहित कई ग्रामवासी मौजूद रहे।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand
नाम: मुबारिक-अजनबी
वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)
कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)
अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव
परिचय एवं कार्यक्षेत्र
मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
बीट (मुख्य विषय)
- विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
- नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।
