उच्च शिक्षा विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा जारी संशोधित ऑनलाइन प्रवेश कार्यक्रम के तहत श्री हीरालाल राजकीय महाविद्यालय, आमेट में स्नातक प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-27 के लिए दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया गुरुवार से प्रारंभ हो गई। प्रवेश प्रक्रिया के पहले ही दिन महाविद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की मौजूदगी देखने को मिली, जहां सुबह से ही अभ्यर्थी अपने दस्तावेजों के सत्यापन के लिए पहुंचने लगे।

महाविद्यालय प्रशासन की ओर से सत्यापन प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं सुचारु बनाने के लिए अलग-अलग काउंटर स्थापित किए गए हैं। प्रवेश समिति के सदस्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार विद्यार्थियों के दस्तावेजों की जांच एवं सत्यापन कार्य में जुटे रहे। प्रवेश प्रक्रिया को लेकर परिसर में पूरे दिन गतिविधियां तेज बनी रहीं।

कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय, राजस्थान, जयपुर द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार स्नातक प्रथम सेमेस्टर की अंतिम वरीयता सूची एवं प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन 9 जून को किया जा चुका है। सूची में शामिल अभ्यर्थियों को 13 जून तक महाविद्यालय में उपस्थित होकर अपने मूल दस्तावेजों का सत्यापन करवाना होगा तथा निर्धारित शुल्क ई-मित्र के माध्यम से जमा कराना अनिवार्य होगा।

महाविद्यालय के प्राचार्य रामकेश मीणा ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

प्रवेश प्रभारी डॉ. कैलाश चन्द्र खटीक ने बताया कि अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के दौरान ई-मित्र से प्राप्त बधाई पत्र, ऑनलाइन आवेदन पत्र, कक्षा 10वीं एवं 12वीं की मूल अंकतालिका एवं छायाप्रति, जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवास प्रमाण-पत्र, स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टीसी), चरित्र प्रमाण-पत्र, माइग्रेशन प्रमाण-पत्र (जहां लागू हो) तथा बोनस अंक संबंधी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से सभी मूल दस्तावेजों के साथ उनकी छायाप्रतियां भी साथ लाने का आग्रह किया है, जिससे सत्यापन प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो।

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार 13 जून तक दस्तावेज सत्यापन एवं शुल्क जमा कराने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 15 जून को प्रवेशित विद्यार्थियों की प्रथम सूची जारी की जाएगी। इसके पश्चात 16 जून को वर्ग निर्धारण एवं विषय आवंटन की प्रक्रिया संपन्न होगी। रिक्त सीटों के लिए बाद में पुनः ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

प्रवेश कार्यक्रम की निर्धारित समय-सारिणी के बीच महाविद्यालय परिसर में प्रवेश संबंधी गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं। विभागीय कार्यक्रम के अनुसार स्नातक प्रथम सेमेस्टर का नियमित शिक्षण कार्य 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा। ऐसे में आगामी दिनों में प्रवेश प्रक्रिया और अधिक महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश करने जा रही है।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

नाम: मुबारिक-अजनबी

वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)

कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)

अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव

परिचय एवं कार्यक्षेत्र 

मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

बीट (मुख्य विषय)

  • विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।

Next Story