आमेट। उपखंड क्षेत्र की नवनियुक्त ग्राम पंचायत ढेलाणा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित समाज सेवा शिविर के दौरान विद्यार्थियों में मतदान के प्रति व्यापक संचेतना प्रसारित की गई। शिविर के दौरान एक विशेष संवाद सत्र आयोजित कर विद्यार्थियों को लोकतंत्र के महापर्व और चुनावी प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया गया।

शिविर प्रभारी एवं कार्यवाहक प्रधानाचार्य संजू शर्मा ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र के बीएलओ (BLO) से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना नाम अनिवार्य रूप से दर्ज कराने हेतु प्रेरित किया। इस प्रक्रिया में आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि एक सशक्त लोकतंत्र का आधार जनता का बिना किसी लोभ, भय अथवा दबाव के मतदान करना है, ताकि योग्य जनप्रतिनिधि का चुनाव सुनिश्चित हो सके। सत्र के दौरान संजू शर्मा ने विद्यार्थियों को चुनावी फॉर्म संख्या 6, 7 एवं 8 की उपयोगिता और प्रक्रिया के बारे में तकनीकी जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में उत्साह का संचार करते हुए संजू शर्मा ने विद्यार्थियों को जागरूक करने हेतु 'अब तो मैं मतदाता हूं, भारत का भाग्य विधाता हूं', 'डरने की क्या बात है, पुलिस प्रशासन साथ है', 'भारत देश महान है, करते सब मतदान है' तथा 'ईवीएम में नहीं है खोट, बटन दबाते लगता है वोट' जैसे ओजस्वी नारों का वाचन कराया।

शिविर के दैनिक क्रियाकलापों के अंतर्गत दल प्रभारी शिक्षक मनोज कुमार शर्मा ने प्रातः कालीन सत्र में प्रार्थना सभा के उपरांत विद्यार्थियों को योग, प्राणायाम एवं ध्यान का नियमित अभ्यास कराया। शिविर के अनुशासन को बनाए रखते हुए विद्यालय परिसर की स्वच्छता की गई, पौधों को जल सिंचन किया गया तथा पक्षियों के लिए परिंडों में ताजा पानी भरने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। शारीरिक शिक्षक ने स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि 'स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है', अतः सुडौल एवं ऊर्जावान जीवन के लिए नियमित व्यायाम आवश्यक है।

शिविर के अंतिम चरण में समस्त विद्यार्थियों को मतदाता शपथ दिलाई गई, जिसके उपरांत विद्यालय से एक भव्य मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में सुनील, धर्मचंद, चेतना, निलेश, पूजा, रीना, सोनिया, खुशबू, किस्मत, ललिता, हुकमराम, आभा, अनमोल, भावना, लक्ष्मी, नारायण, प्रहलाद, सुनील और योगेश सहित अन्य विद्यार्थियों ने पूरी सक्रियता के साथ भाग लिया। यह जागरूकता कार्यक्रम आम जनमानस में मतदान के प्रति एक सकारात्मक संदेश छोड़ने में सफल रहा।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

नाम: मुबारिक-अजनबी

वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)

कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)

अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव

परिचय एवं कार्यक्षेत्र 

मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

बीट (मुख्य विषय)

  • विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।

Next Story