आमेट। आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर आमेट नगर कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार को वीरपत्ता स्कूल में बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठनात्मक तैयारियों और वार्ड स्तर पर जिम्मेदारियां तय करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे योगेंद्र सिंह परमार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञानेंद्रसिंह चुंडावत, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष लक्ष्मण गुर्जर, नगर कांग्रेस अध्यक्ष रतनलाल तेली, नारूलाल रैगर, प्रदीप सिंह राठौड़, शब्बीर बोहरा, मिरु ख़ां मंसूरी, मनोहर खटीक, हिम्मत खटीक और ललित लोहार सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नगर निकाय चुनाव को लेकर हुई चर्चा के दौरान चुनाव संचालन एवं समन्वय के लिए नगर अध्यक्ष सहित पांच सदस्यों की मुख्य कमेटी गठित की गई। इसके अलावा प्रत्येक पांच वार्डों के लिए पांच-पांच पदाधिकारियों की अलग-अलग कमेटियां बनाने का निर्णय लिया गया। प्रत्येक वार्ड में एक प्रभारी नियुक्त करने पर भी सहमति बनी।

बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने एकराय से निर्णय लिया कि आगामी निकाय चुनाव में जमीनी स्तर पर सक्रिय और पार्टी के लिए लंबे समय से ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को टिकट में प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यकर्ताओं की मेहनत, सक्रियता और पार्टी के प्रति समर्पण को भी टिकट वितरण का प्रमुख आधार माना जाएगा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि चुनाव में दावेदारी करने वाले प्रत्येक आवेदनकर्ता के लिए ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही दावेदारों को अपनी दावेदारी ऑफलाइन आवेदन के माध्यम से भी प्रस्तुत करनी होगी।

अंत में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आगामी नगर निकाय चुनाव में संगठन को मजबूत करने और पार्टी को विजयी बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में तय की गई वार्डवार जिम्मेदारियों और आवेदन प्रक्रिया के जरिए चुनावी तैयारियों को संगठनात्मक स्तर पर आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story