राजसमंद के आमेट में डिजिटल जनगणना के लिए टीमों को किया गया रवाना, प्रगणकों को बांटे गए आधिकारिक किट और छाते।

राजसमंद जिले के आमेट शहर में शनिवार सुबह भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण का विधि-विधान के साथ शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना एवं वंदना से हुई। चार्ज जनगणना अधिकारी एवं अधिशाषी अधिकारी सुदर्शन जांगु की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में जनगणना-2027 की टैगलाइन “जनगणना से जनकल्याण” के तहत शहरी जनगणना टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अभियान की सफलता को लेकर प्रगणकों और सुपरवाईजरों का तिलक-अभिनंदन किया गया तथा दही-मिश्री खिलाकर मंगल शगुन कराया गया। जनगणना टीम में शामिल 4 सुपरवाईजर एवं 23 प्रगणकों को आधिकारिक जनगणना किट और छाते वितरित किए गए।

देश की पहली पेपरलेस जनगणना को सफल बनाने के उद्देश्य से जनगणना कर्मियों के मोबाइल में HLO APP इंस्टॉल करवाया गया। इसके बाद मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए टीमों को फील्ड में रवाना किया गया। जनगणना के प्रथम चरण की कार्य अवधि 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक निर्धारित की गई है।

अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में प्रगणकों को सही जानकारी देकर सहयोग प्रदान करें, ताकि जनगणना-2027 को सफल बनाया जा सके।

इस अवसर पर जनगणना नियमित चार्ज सहायक एवं सहायक राजस्व निरीक्षक श्रीपाल पारीक, बलवंत सिंह वरिष्ठ सहायक, चमनसिंह गहलोत, कृष्णकांत शर्मा, रवि श्रौत्रिय, हरिओम शर्मा, अभिषेक, नवनीत शर्मा, रेखा खींची, हारून मोहम्मद, रतन लाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के शुभारंभ के साथ आमेट शहर में राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण अभियान की औपचारिक शुरुआत हो गई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story