आमेट। राजसमंद जिले के आमेट थाना क्षेत्र के भीलमगरा गांव में मंगलवार को बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने मकान को अपना निशाना बनाकर क्षेत्र में सनसनी फैला दी। शातिर चोरों ने एक सुनियोजित चाल के तहत वारदात को अंजाम देते हुए घर के ताले चटकाए और भीतर रखे लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात व नकदी बटोर कर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक चोरी के बाद से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है।

भीलमगरा निवासी पीड़ित डालूराम पुत्र कालू गाडरी ने पुलिस को आपबीती बताते हुए कहा कि यह घटना 6 जनवरी 2026 की है। डालूराम रोज की तरह सुबह करीब 9 बजे मजदूरी के लिए मार्बल कटर मशीन पर चला गया था। उसके कुछ ही देर बाद करीब 9.30 बजे उसकी पत्नी जमनाबाई भी नरेगा कार्य के लिए घर से निकल गई थी। घर पर कोई मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने रेकी के बाद मकान में प्रवेश किया। दोपहर करीब 1 बजे जब जमनाबाई भोजन करने और मवेशियों को पानी पिलाने के लिए वापस घर लौटी, तो उसके होश उड़ गए। घर के कमरे का ताला टूटा हुआ था और भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा था।

पीड़ित की रिपोर्ट के अनुसार, चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 3.5–3.5 तोला वजन के सोने के दो हार, 2 तोला वजन की सोने की रामनामी माला, सोने की तीन अन्य मालाएं, एक तोला सोने की बाली और दो तोला वजन की झुमरिया चुरा लीं। इसके अलावा चांदी के आभूषणों में 1 किलो 400 ग्राम वजनी कंठोर, 500 ग्राम का आधा कमर कंठोर, पौने किलो वजनी दो जोड़ी पायल और चांदी की छह अंगूठियों पर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया।

चोरी की सूचना मिलते ही डालूराम आनन-फानन में घर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से आसपास के इलाकों में चोरों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। पीड़ित ने आमेट पुलिस थाने में लिखित रिपोर्ट देकर कानूनी कार्रवाई और जेवरात बरामद करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

नाम: मुबारिक-अजनबी

वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)

कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)

अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव

परिचय एवं कार्यक्षेत्र 

मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

बीट (मुख्य विषय)

  • विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।

Next Story