आमेट में भादवी बीज पर बाबा रामदेव जयंती, निकली विशाल निशान यात्रा
आमेट में भादवी बीज पर बाबा रामदेव जयंती धूमधाम से मनाई गई। रेगर समाज की विशाल निशान यात्राओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

तस्वीर में पारंपरिक पोशाक पहने लोग सड़क पर नृत्य करते हुए नजर आ रहे हैं।
आमेट में भादवी बीज के अवसर पर लोक देवता बाबा रामदेव जी की जयंती धार्मिक हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर के रेगर समाज एवं रेलवे स्टेशन रेगर समाज की ओर से विशाल निशान यात्राओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए।
आयोजकों के अनुसार, शनिवार रात्रि को रामदेव मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल के बीच भजन संध्या एवं जागरण का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय कलाकारों ने लोक देवता बाबा रामदेव जी के भजनों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। देर रात तक भजनों की गूंज से मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
रविवार प्रातः यज्ञ-हवन एवं महाआरती के साथ शोभायात्राओं की शुरुआत हुई। नगर की शोभायात्रा रामदेव मंदिर से रवाना होकर बड़ीपोल, होलीथान, गणेश चौक, लक्ष्मी बाजार, बस स्टैंड और हॉस्पिटल रोड होते हुए पुनः मंदिर पहुंची।
वहीं रेलवे स्टेशन क्षेत्र की शोभायात्रा रेलवे स्टेशन से रवाना होकर रेगर मोहल्ला, पुलिस थाना, बस स्टैंड, लक्ष्मी बाजार, गणेश चौक, रामद्वारा और बैंक रोड मार्ग से होते हुए पुनः रेलवे स्टेशन पहुंची।
शोभायात्राओं में बाबा रामदेव की झांकियां, वेवाण एवं निशान लिए श्रद्धालु शामिल हुए। डीजे की धुन पर महिला-पुरुष श्रद्धालु बाबा के भजनों पर नाचते-गाते हुए यात्रा में आगे बढ़ते रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और उमंग का माहौल रहा।
निशान यात्रा में रेगर समाज से नारूलाल रेगर, मोहनलाल, राजूलाल, मांगीलाल, भेरूलाल, जगदीश, गोकुल चन्द्र, मोहनलाल, प्यारेलाल, मिठालाल, चेनाराम, आशाराम, सुरेश चन्द्र, भोलीराम, गोवर्धन लाल सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उत्साह और उमंग के साथ उपस्थित रहे।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand
नाम: मुबारिक-अजनबी
वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)
कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)
अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव
परिचय एवं कार्यक्षेत्र
मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
बीट (मुख्य विषय)
- विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
- नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।
