आमेट क्षेत्र के आगरिया स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में राज्य सरकार की निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत सत्र 2025-26 के अंतर्गत कक्षा 9 की बालिकाओं को साइकिलें वितरित की गईं। इस पहल ने बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने के साथ छात्राओं के चेहरों पर उत्साह और आत्मविश्वास की चमक बिखेर दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक प्रधानाचार्य रमेश कुमार चाहर ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमान प्रकाश चन्द्र कुमावत उपस्थित रहे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में सुरेन्द्र कुमार सिंगल, प्रधानाचार्य राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय आगरिया ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथियों में विधायक प्रतिनिधि श्री राजमल सोनी, बजरंगदास जी वैष्णव, कन्हैयालाल सालवी, जगदीश कुमावत, हरिओम सिंह (स्थानीय विद्यालय के SDMC अध्यक्ष), भँवर कुमावत, कमलेश सेन, संदीप सेन तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय आगरिया वाडा के संस्था प्रधान कुलदीप पारीक मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ समस्त अतिथियों द्वारा सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात स्थानीय विद्यालय के संस्था प्रधान एवं स्टाफ द्वारा अतिथियों का इकलाई और तिलक कर स्वागत किया गया। स्वागत क्रम के बाद ग्रामवासियों द्वारा संस्था प्रधान रमेश चाहर का भी अभिनंदन किया गया।

संस्था प्रधान रमेश चाहर ने अपने संबोधन में ग्राम से पधारे सभी ग्रामवासियों का स्वागत करते हुए विद्यालय में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और साइकिल वितरण योजना के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, वहीं बालिका विद्यालय की छात्रा ने बालिका शिक्षा पर अपने विचार व्यक्त किए। इसके बाद स्थानीय विद्यालय की बालिकाओं ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।

मुख्य अतिथि प्रकाश चन्द्र कुमावत ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए निर्भीक होकर शिक्षा जारी रखने, अपने लक्ष्य को प्राप्त करने और गांव का नाम रोशन करने का आह्वान किया। विधायक प्रतिनिधि राजमल सोनी ने भी अपने उद्बोधन में कहा कि सभी बालक-बालिकाएं अच्छी शिक्षा ग्रहण कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं।

कार्यक्रम के अंत में बालिका विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेन्द्र कुमार सिंगल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बालिका विद्यालय एवं स्थानीय विद्यालय का समस्त स्टाफ, ग्रामवासी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री नारायण लाल कुमावत ने किया। यह आयोजन बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने और ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

नाम: मुबारिक-अजनबी

वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)

कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)

अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव

परिचय एवं कार्यक्षेत्र 

मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

बीट (मुख्य विषय)

  • विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।

Next Story