आमेट में श्रावण सुदी 12 के अवसर पर मंगलवार को वीर पत्ता सर्कल स्थित मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर में प्रदोष काल के दौरान पार्थिव शिवलिंग निर्माण, अभिषेक एवं पूजन का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के महिला-पुरुषों के साथ नन्हे-मुन्ने बालक-बालिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मंदिर के महंत नन्दादास महाराज ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रावण सुदी 12 के अवसर पर श्रद्धालुओं ने अपने हाथों से 5100 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया। आयोजन के दौरान महंत नन्दादास महाराज, श्रवण जोशी, शिवलाल जाट, सीमा जोशी, पिंकी रावत, मंजू कंवर, खुशबू टांक, कैलाश देवी, धीरज कंवर, कैलाश कंवर, गुड्डी राठौड़, ईश्वर कंवर, देऊ प्रजापत, नंदू कीर, मुन्नी राव, पिंकी राठौड़, विमल जाट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

पंडित दुर्गेश पालीवाल एवं नन्दलाल पालीवाल ने मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पार्थिवेश्वर पूजन, अभिषेक एवं पूजा-अर्चना करवाई। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन माह में पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर भगवान शिव की पूजा करने से शिव कृपा प्राप्त होती है। इससे मनोकामना पूर्ति, पापों का क्षय, मानसिक शांति, सुख-समृद्धि एवं आध्यात्मिक उन्नति की प्राप्ति होने की मान्यता है।

महंत नन्दादास महाराज ने बताया कि बुधवार को निर्मित सभी पार्थिव शिवलिंगों का कोटेश्वर महादेव, कोठेरी नदी में विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा। पूजन एवं अभिषेक के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का आयोजन भी किया गया। इस प्रकार श्रावण सुदी 12 का धार्मिक आयोजन पार्थिव शिवलिंग निर्माण, अभिषेक, पूजन और आगामी विसर्जन के साथ संपन्न होगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story