संतों के सानिध्य में आगरिया वाड़ा के नवनियुक्त सरपंच बजरंग दास वैष्णव ने ली शपथ
आमेट की नवगठित ग्राम पंचायत आगरिया वाड़ा में सरपंच बजरंग दास वैष्णव ने संत-महात्माओं की मौजूदगी में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह में उप सरपंच, वार्ड पंचों और आठ गांवों के ग्रामीणों ने भाग लिया।

तस्वीर में आगरिया वाड़ा ग्राम पंचायत के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नवनियुक्त सरपंच बजरंग दास वैष्णव का स्वागत करते हुए ग्रामीण और जनप्रतिनिधि.
आमेट। नवगठित ग्राम पंचायत आगरिया वाड़ा में नवनियुक्त सरपंच बजरंग दास वैष्णव ने संत-महात्माओं के सानिध्य और आशीर्वाद के बीच पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर उप सरपंच भगवत सिंह जी सहित सभी वार्ड पंचों की उपस्थिति में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में आठ गांवों के ग्रामीणों ने भाग लिया।
समारोह में महामंडलेश्वर 1008 श्री श्री श्री सीता रामदास जी महाराज, श्री ज्ञानानन्दजी, संत श्यामसुंदर दास, संत दास जी, हरि दास जी, मोहन गिरिजी सियाणा और नर्सिंग दास जी सहित अन्य संत-महात्माओं का सानिध्य रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ संतों के आशीर्वचन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। इस दौरान संत ज्ञानानंद जी बावजी ने जोशीला उद्बोधन दिया। इसके बाद नवनियुक्त सरपंच बजरंग दास वैष्णव ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में उप सरपंच भगवत सिंह जी के साथ वार्ड नंबर 1 से इंदिरा कुमावत, वार्ड नंबर 2 से नरेश जी पारीक, वार्ड नंबर 3 से गोपी लाल गमेती, वार्ड नंबर 4 से भूरी बाई, वार्ड नंबर 5 से भगवत सिंह जी राठौड़, वार्ड नंबर 6 से उगम कंवर और वार्ड नंबर 7 से नारायण लाल सालवी सहित सभी वार्ड पंच उपस्थित रहे। आगरिया सरपंच प्रतिनिधि प्रकाश कुमावत और उप सरपंच कन्हैया दास वैष्णव भी समारोह में मौजूद रहे।
इस अवसर पर संत-महात्माओं ने नवनियुक्त सरपंच को आशीर्वाद देते हुए ग्राम पंचायत के सर्वांगीण विकास, सामाजिक समरसता और जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। समारोह में आगरिया वाड़ा, राजपुरा, चतरपुरा, हवाला, कालेसरीया, मोड़ारडा का खेड़ा, पर्वती और उदावतों का खेड़ा सहित आठों गांवों के ग्रामीण उपस्थित रहे।
समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। ग्रामीणों ने नवनियुक्त सरपंच बजरंग दास वैष्णव का माल्यार्पण कर और साफा पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस दौरान सरपंच बजरंग दास वैष्णव ने सभी ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत के प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार को साथ लेकर बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनभावनाओं के अनुरूप ग्राम पंचायत को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
संतों के आशीर्वाद, ग्रामीणों के उत्साह और बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति के बीच आयोजित समारोह का समापन सभी के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित कर किया गया।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand
नाम: मुबारिक-अजनबी
वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)
कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)
अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव
परिचय एवं कार्यक्षेत्र
मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
बीट (मुख्य विषय)
- विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
- नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।
