राजनगर थाना क्षेत्र से एक चिंताजनक घटना सामने आई है, जिसने पुलिस और अधिवक्ता वर्ग के बीच संबंधों पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर दिया है। थाना परिसर में एक अधिवक्ता के साथ पुलिस अधिकारी द्वारा कथित रूप से अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता अमित सोनी ने बार एसोसिएशन राजनगर को दी गई लिखित शिकायत में बताया कि वे 6 नवम्बर 2025 की शाम करीब साढ़े चार बजे अपने मुवक्किल के साथ किसी प्रकरण के संबंध में जानकारी लेने थाना राजनगर पहुंचे थे। शिकायत के मुताबिक, जब उन्होंने मामले से जुड़ी जानकारी सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार से मांगी, तो अधिकारी ने अप्रत्याशित रूप से असभ्य भाषा का प्रयोग करते हुए कहा — “तू कौन है?”

अधिवक्ता द्वारा स्वयं को मुवक्किल का वकील बताने के बावजूद, एएसआई अशोक कुमार ने कथित रूप से अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए कहा — “तेरी वकालत कोर्ट में चलाना, थाने में नहीं।” अधिवक्ता का आरोप है कि अधिकारी ने उनके साथ क्लाइंट के समक्ष भी दुर्व्यवहार किया और उन्हें थाने से बाहर जाने के लिए कहा।

बताया गया कि जब अधिवक्ता ने सीआई के समक्ष अपनी शिकायत रखी, तब भी संबंधित अधिकारी का व्यवहार असंवेदनशील रहा। इस प्रकरण के बाद बार एसोसिएशन राजनगर ने बैठक आयोजित कर इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह केवल एक अधिवक्ता का नहीं, बल्कि पूरे अधिवक्ता समुदाय के सम्मान का प्रश्न है।

बार प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि इस तरह का व्यवहार पुलिस अधिकारियों द्वारा जारी रहा, तो आमजन और न्याय व्यवस्था दोनों के लिए गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन से दोषी अधिकारी के विरुद्ध शीघ्र अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और थाने का माहौल सम्मानजनक बना रहे।

यह मामला अब स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का केंद्र बन गया है, और अधिवक्ता समुदाय न्यायिक गरिमा की रक्षा के लिए एकजुट नजर आ रहा है।

Rahul Acharya, Rajsamand

Rahul Acharya, Rajsamand

नाम: राहुल आचार्य

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें

परिचय 

राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story