राजसमंद की धरती गुरुवार को राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना से सराबोर हो उठी, जब ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ के अवसर पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माय भारत राजसमंद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य मार्च का शुभारंभ शहीद स्मारक से हुआ, जहां देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए सांसद श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़ ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

मार्च की शुरुआत राष्ट्रभक्ति के गीतों और तिरंगे झंडों की लहराती भीड़ के साथ हुई। रथ पर स्थापित सरदार पटेल की आदमकद प्रतिमा पूरे आयोजन का केंद्रबिंदु बनी रही। यह विशाल यूनिटी मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बालकृष्ण विद्यालय सभागार तक पहुंचा, जहां यह एक जनसभा में परिवर्तित हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने भारत को एक सूत्र में पिरोने का जो ऐतिहासिक कार्य किया, उसमें मेवाड़ का भी अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का अभियान है, जो युवाओं में राष्ट्रीय गौरव, एकता और समर्पण की भावना को प्रबल करता है। महिमा मेवाड़ ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनभागीदारी आधारित राष्ट्र निर्माण के विज़न का उल्लेख करते हुए युवाओं से सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्री जगदीश पालीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल के एकीकृत भारत के स्वप्न को प्रधानमंत्री मोदी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के मिशन से जोड़ते हुए यह कार्यक्रम एक सशक्त राष्ट्रीय आंदोलन का प्रतीक बन रहा है।

मार्च के दौरान पुराने बस स्टैंड पर बी.एन. महाविद्यालय और सेठ रंगलाल कोठारी राजकीय महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सबका मन मोह लिया। “ऑपरेशन सिंदूर” शीर्षक प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री अरुण कुमार हसीजा, पुलिस अधीक्षक डॉ. ममता गुप्ता, पूर्व विधायक श्री बंशीलाल खटीक, नगर परिषद आयुक्त श्री बृजेश राय, जिला शिक्षा अधिकारी श्री बिहारी लाल, जिला खेल अधिकारी श्री धर्मदेव सिंह, प्राचार्य डॉ. सुमन बडोला, एनएसएस जिला समन्वयक डॉ. गोपाल कुमावत सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में एनएसएस, एनसीसी, भारत स्काउट गाइड, माय भारत संगठन तथा विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने भागीदारी निभाई। आयोजन का संचालन शिक्षाविद् श्री दिनेश श्रीमाली ने किया।

‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ ने न केवल राजसमंद में राष्ट्रीय एकता की गूंज को प्रखर किया, बल्कि युवाओं में देश के प्रति समर्पण और गर्व की भावना को नई दिशा दी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story