आमेट। नगर के मारू दरवाजा क्षेत्र में संचालित आंचलिक उच्च प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को 76वां गणतंत्र दिवस समारोह अत्यंत उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। विद्यालय प्रांगण देशभक्ति के रंगों से सराबोर नजर आया, जहां विद्यार्थियों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने अभिभावकों और अतिथियों को भावविभोर कर दिया।

समारोह की अध्यक्षता संस्था प्रधान एवं वरिष्ठ पत्रकार मुबारिक अजनबी ने की, जबकि मुख्य अतिथि कवि एवं पत्रकार संपत उजाला रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी राजकुमार खटीक, अब्बास अली एवं भेरूलाल ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। आगंतुक अतिथियों का स्वागत विद्यालय के प्रधानाध्यापक करणसिंह चौहान द्वारा उपरना ओढ़ाकर एवं तिलक लगाकर सम्मानपूर्वक किया गया।

प्रधानाध्यापक करणसिंह चौहान द्वारा ध्वजारोहण के साथ ही समारोह का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं ने सामूहिक राष्ट्रगान प्रस्तुत कर वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। मंचासीन अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के उपरांत सरस्वती वंदना की प्रस्तुति से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आरंभ हुई।

कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने ‘सारे जहां से अच्छा’, ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’, ‘कहते हैं हमको प्यार से इंडिया वाले’, ‘बम बम बोले मस्ती में डोले’, ‘लाया डाक बाबू लाया संदेशवा’, ‘आओ जी पधारो म्हारे देश’, ‘प्यारो राजस्थान’, ‘मोर बोले’, ‘मेड इन इंडिया’, ‘केसरिया भारत’ और ‘लहरियों तलवारों पर सर वार दिया’ जैसे देशभक्ति और राजस्थानी लोक संस्कृति से जुड़े गीतों पर सामूहिक एवं एकल नृत्य प्रस्तुत किए। गीत, संगीत, कविता और नृत्य की इन शानदार प्रस्तुतियों ने समारोह को जीवंत बना दिया और उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का संचालन स्वयं प्रधानाध्यापक करणसिंह चौहान ने किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में देश की आजादी के संघर्ष और गणतंत्र की गरिमा पर प्रकाश डालते हुए आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया तथा देशभक्ति से जुड़े छोटे-छोटे मुक्तकों के माध्यम से कार्यक्रम को प्रभावशाली ढंग से आगे बढ़ाया। समारोह के समापन अवसर पर उन्होंने अतिथियों, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर श्रीमती लक्ष्मी लोहार, श्रीमती कृष्णा सुथार, श्रीमती मुराद बानु, उमीशा दयामा, प्रेरणा कंवर, रूप कंवर, श्रीमती गीता सोनी, आईसा बानु सहित बड़ी संख्या में अभिभावकगण एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा का सशक्त मंच बना, बल्कि गणतंत्र दिवस के महत्व और राष्ट्रीय एकता के संदेश को भी प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाने में सफल रहा।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

नाम: मुबारिक-अजनबी

वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)

कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)

अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव

परिचय एवं कार्यक्षेत्र 

मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

बीट (मुख्य विषय)

  • विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।

Next Story