राजसमंद, 13 नवम्बर।

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार की प्राथमिकता जनकल्याण को केंद्र में रखते हुए प्रत्येक नागरिक तक योजनाओं का समुचित लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य के तहत जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले में संचालित फ्लैगशिप योजनाओं, आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम और गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना की विस्तृत समीक्षा बैठक की।

बैठक में जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी योजना का उद्देश्य केवल आंकड़ों में सुधार नहीं बल्कि लोगों के जीवन की गुणवत्ता में वास्तविक परिवर्तन लाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचे। “विकास का असली अर्थ तभी है जब आमजन को उसका प्रत्यक्ष अनुभव हो,” कलक्टर ने कहा।

कलक्टर हसीजा ने फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए निर्देशित किया कि नवीन परिवारों को एनएफएसए से शीघ्र लाभान्वित किया जाए और प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, स्वामित्व योजना, मिशन हरियालो राजस्थान, अटल प्रगति पथ और अटल ज्ञान केंद्र जैसे कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि “लखपति दीदी”, “सोलर दीदी”, “ड्रोन दीदी”, “बैंक सखी”, “कृषि सखी” और “पशु सखी” जैसी पहलें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही हैं। इसी प्रकार मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0, पंचगौरव योजना, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन और संशोधित वितरण क्षेत्र योजना जैसी पहलें जल संरक्षण, स्वास्थ्य व बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में नई दिशा दे रही हैं।

आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान सीपीओ संजय शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया यह कार्यक्रम देश के अविकसित ब्लॉकों में शासन व्यवस्था को सुदृढ़ कर नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से संचालित है। देश के 329 जिलों के 500 ब्लॉकों में यह योजना लागू है, जिनमें राजस्थान के 27 ब्लॉक शामिल हैं। राजसमंद जिले का भीम ब्लॉक इस कार्यक्रम का हिस्सा है।

उन्होंने बताया कि आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, अवसंरचना और सामाजिक विकास जैसे पांच प्रमुख क्षेत्रों में 39 संकेतकों पर कार्य किया जा रहा है। इस पर जिला कलक्टर ने कहा कि सभी संकेतकों पर अधिकतम प्रगति सुनिश्चित की जाए, विशेष रूप से शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ठोस सुधार किए जाएं।

गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना पर चर्चा के दौरान सीपीओ ने बताया कि यह योजना राज्य सरकार द्वारा बजट घोषणा 2025-26 की अनुपालना में प्रारंभ की गई है, जिसका उद्देश्य अल्पविकसित ब्लॉकों में समावेशी और सतत विकास को गति देना है। इस योजना के अंतर्गत राजसमंद जिले से कुंभलगढ़ ब्लॉक का चयन किया गया है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु मार्च 2025 की स्थिति में 39 संकेतकों का बेसलाइन डाटा तैयार किया गया है, जिसके आधार पर विकास की निगरानी और बाधाओं की पहचान की जाएगी।

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभलगढ़ ब्लॉक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और आजीविका से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता के लिए विभागीय समन्वय और जनभागीदारी आवश्यक है। “हर अधिकारी का दायित्व है कि वह जिले के हर नागरिक तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समय पर पहुंचाए,” कलक्टर हसीजा ने कहा।

बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, योजना समन्वय अधिकारी, आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम प्रभारी तथा आकांक्षी ब्लॉक योजना से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में कलक्टर ने सभी अधिकारियों को आगामी समीक्षा बैठक तक लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनकल्याण ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story