राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि अंता विधानसभा क्षेत्र में 11 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के दौरान सुरक्षा और निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाएं धरातल स्तर पर पूरी सजगता, सतर्कता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित की जाएं।

मंगलवार को महाजन ने मिनी सचिवालय स्थित सभागार में उपचुनाव तैयारियों की समीक्षा बैठक की, जिसमें निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी विभागीय अधिकारियों को पारदर्शिता और त्रुटिरहित चुनाव संचालन के निर्देश दिए। बैठक में आईजी कानून व्यवस्था अनिल कुमार टांक और सीईओ कार्यालय के ओएसडी सुरेशचंद्र भी मौजूद रहे।

महाजन ने कहा कि संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा वेबकास्टिंग के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की लाइव मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि वेबकास्टिंग प्रणाली की पूर्व मॉक ड्रिल की जाए ताकि मतदान दिवस पर किसी भी तकनीकी समस्या से बचा जा सके।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और विशेष रूप से चारदीवारी विहीन केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शाम के समय मतदान केंद्रों के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होना आवश्यक है ताकि मतदाता निर्भय होकर मतदान कर सकें।

राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों द्वारा आयोजित रैलियों और सभाओं को लेकर महाजन ने स्पष्ट किया कि अनुमति प्रक्रिया इस प्रकार से की जाए जिससे दो कार्यक्रमों में कोई टकराव न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि फील्ड में तैनात सुरक्षा बल इस विषय में विशेष सतर्कता बरतें और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई कर भयमुक्त माहौल सुनिश्चित करें।

महाजन ने मतदाता पर्चियों के वितरण को भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सभी मतदाताओं को पर्चियां समय पर मिलें, ताकि मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो सके। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि इको-फ्रेंडली मतदान केंद्रों पर सिंगल यूज प्लास्टिक का पूर्णतया परहेज किया जाए और मतदाताओं से मोबाइल फोन जमा करने की प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से की जाए।

बैठक में होम वोटिंग, वेबकास्टिंग, मतदाता सूची, मतदान दलों के गठन, शिकायत निवारण, वाहन व्यवस्था, क्राउड मैनेजमेंट, स्वीप गतिविधियों, मतगणना केंद्र की तैयारियों, पेड न्यूज नियंत्रण, निर्वाचन व्यय और अवैध मादक पदार्थों, हथियारों एवं नकद जब्ती जैसे मुद्दों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने उपचुनाव की तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूर्ण की जा रही हैं। जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने निर्वाचन के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर उठाए गए कदमों की जानकारी दी। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी भंवरलाल जनागल, सीईओ राजवीर सिंह चौधरी, रिटर्निंग अधिकारी हवाई सिंह यादव, एडीएम शाहबाद जब्बर सिंह, एएसपी राजेश चौधरी, आचार संहिता प्रकोष्ठ प्रभारी दुर्गाशंकर मीणा सहित सभी प्रकोष्ठ प्रभारी और सहायक अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अंत में कहा कि उपचुनाव लोकतंत्र की मजबूती का महत्वपूर्ण चरण है, और इसे पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता और प्रशासनिक दक्षता के साथ संपन्न कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story