ब्यावर में योगा एक्सप्रेस की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की मौत
रेलवे सुरक्षा बल थाने के पास पटरी पार करते समय हुआ हादसा, मृतका की पहचान 70 वर्षीय क्रिस्टीना रोज के रूप में हुई।

ब्यावर रेलवे स्टेशन के पास रविवार शाम योगा एक्सप्रेस की चपेट में आने से मृत हुई बुजुर्ग महिला का शव पटरी के समीप पड़ा हुआ।
रविवार सायं करीब सवा 7 बजे रेलवे सुरक्षा बल थाने के समीप बने रेलवे पार्थ वे को पार करने के दौरान अहमदाबाद-ऋषिकेश योगा एक्सप्रेस (19031) की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल थाने के सहायक उप निरीक्षक कन्हैयालाल मीना तथा राजकीय रेलवे पुलिस चौकी के प्रधान आरक्षक आलोक कान्त मय दल घटनास्थल पर पहुंचे। घायल महिला को तत्काल रोगी वाहन से राजकीय अमृतकौर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान क्रिस्टीना रोज पत्नी विल फ्रेंङ मार्टिन (70), निवासी चर्च कंपाउंड के रूप में हुई है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। राजकीय रेलवे पुलिस ने अजमेर स्थित थाने में मर्ग दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
घटना के कारण योगा एक्सप्रेस अपने गंतव्य के लिए 22 मिनट की देरी से रवाना हुई, जिससे रेलवे संचालन भी प्रभावित हुआ।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
