यूनिटी मार्च के पोस्टर का विमोचन : सरदार पटेल भारत की आत्मा हैं — चौहान 7 नवम्बर को टोंक में निकलेगी जिला स्तरीय पदयात्रा, 500 से अधिक युवा होंगे सहभागी
टोंक में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर 7 नवम्बर को आयोजित होने वाले यूनिटी मार्च का पोस्टर विमोचन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने कहा कि यह पदयात्रा राष्ट्र निर्माण की दिशा में एकता, देशभक्ति और आत्मनिर्भरता का संदेश देगी। लगभग 500 युवा इस आयोजन में भाग लेंगे।

टोंक। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित यूनिटी मार्च के जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय टोंक में मंगलवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान की अध्यक्षता में कार्यक्रम का पोस्टर विमोचन किया गया।
चौहान ने कहा कि सरदार पटेल केवल भारत के नेता नहीं, बल्कि भारत की आत्मा हैं। उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प और अटूट इच्छाशक्ति से सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत को एकजुट राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। यह यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की भावना से प्रेरित एकता और समर्पण का अभियान है।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय यूनिटी मार्च 7 नवम्बर को प्रातः 10 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोठी नातमाम से प्रारम्भ होकर सवाई माधोपुर चौराहा, बड़ा कुआं, नौशे मियां का पुल, काफला बाजार, पांच बत्ती, सुभाष बाजार, घंटाघर से होते हुए पटेल सर्किल तक निकलेगी। इस पदयात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में केबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी शामिल होंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना है। चौहान ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन भागीदारी से राष्ट्र निर्माण के विजन से प्रेरित है। इस यात्रा में युवा, छात्र, सामाजिक कार्यकर्ता और वरिष्ठ नागरिक एक साथ भाग लेंगे ताकि सभी पीढ़ियों में एकता की भावना को सशक्त किया जा सके।
यूनिटी मार्च के दौरान सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि, राष्ट्रगान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, “गर्व से स्वदेशी” संकल्प, नशामुक्त भारत शपथ और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। साथ ही आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में युवाओं को प्रेरित किया जाएगा।
इस राष्ट्रव्यापी पहल का संचालन माय भारत केंद्र द्वारा किया जा रहा है, जिसमें टोंक जिले से लगभग 500 युवा प्रतिभागी भाग लेंगे। कार्यक्रम में एनएसएस, एनपीपी, स्काउट-गाइड, शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी कुमार मधुकर, कार्यक्रम सहायक रोहिल कुमार कट्टा, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी वनस्थली विद्यापीठ की डॉ. रजनी चौहान सहित भाजपा जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र चौधरी, राजेन्द्र सैनी (बबलू टैंकर), जिला संयोजक लोकेश गुप्ता, देवराज गुर्जर, पंकज पहाडिया, मंडल अध्यक्ष भगवान सैनी और राहुल गुर्जर उपस्थित रहे।
यह यूनिटी मार्च न केवल सरदार पटेल के अदम्य राष्ट्रप्रेम को स्मरण करता है, बल्कि युवाओं को एक सशक्त, आत्मनिर्भर और एकजुट भारत के निर्माण की दिशा में प्रेरित करने का संदेश भी देता है।
- यूनिटी मार्च टोंकसरदार पटेल जयंतीलौह पुरुष सरदार पटेलचंद्रवीर सिंह चौहानभाजपा टोंकमाय भारत केंद्रजिला युवा अधिकारी टोंककन्हैया लाल चौधरीयूनिटी मार्च पोस्टर विमोचनसरदार पटेल भारत की आत्माराष्ट्र निर्माण अभियानएकता पदयात्रा टोंकSardar Patel Jayanti TonkUnity March TonkBJP Chandraveer Singh ChauhanMy Bharat Kendra TonkKanhaiya Lal ChaudharyNation Building Campaign IndiaYouth March TonkPatel Circle Tonk

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
