टोंक। स्वतंत्रता संग्राम में अपने अद्वितीय साहस और जनजातीय अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर इस वर्ष पूरा टोंक जिला गौरव और श्रद्धा से सराबोर होगा। जिला प्रशासन ने 15 नवम्बर को मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की, जिसकी अध्यक्षता जिला परिषद सीईओ धानका ने की।

सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का कर्तव्य है। अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उनका संघर्ष भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन का अविस्मरणीय अध्याय है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रमों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, युवाओं और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि नई पीढ़ी उनके अदम्य साहस और त्याग से प्रेरणा ले सके।

बैठक में तय किया गया कि 15 नवम्बर को जिले के ग्राम, पंचायत समिति और जिला मुख्यालय स्तर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इन कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण, जनजातीय संस्कृति से जुड़ी प्रदर्शनी, हाट एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही मुख्य चौराहों और राजकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।

सीईओ ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शोभायात्रा पटेल सर्किल से कृषि ऑडिटोरियम तक निकाली जाएगी, जिसमें आमजन, युवा, विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड, राजकीय अधिकारी एवं कार्मिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्यक्रमों का समन्वय और क्रियान्वयन प्रभावी ढंग से किया जाए, ताकि आयोजन भव्य और प्रेरक रूप में संपन्न हो।

इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. शैलेन्द्र सिंह चौधरी, सीडीईओ सुशीला करनानी, आईसीडीएस की उप निदेशक सरोज मीना, डीईओ (आईटी) के संयुक्त निदेशक दीपक कुमार और एसीपी श्यामसुंदर जांगिड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के माध्यम से जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपरा और आजादी के संघर्ष में उनकी भूमिका को याद करने का यह अवसर न केवल प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह राष्ट्र की जनजातीय विरासत को सम्मान देने का प्रतीक भी बनेगा।

Next Story