टोंक: उनियारा के मॉडल स्कूल में पक्षियों के लिए लगाए 50 परिण्डे
दादू दयाल पर्यावरण संस्थान के सहयोग से विद्यार्थियों और स्टाफ ने पक्षी संरक्षण का संकल्प लिया और परिसर में जल पात्र स्थापित किए।

टोंक जिले के उनियारा ब्लॉक स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल में परिण्डे लगाने के कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य रामसिंह मीणा, विद्यालय स्टाफ और स्काउट छात्र।
टोंक जिले के उनियारा ब्लॉक स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल खातोली उनियारा में गर्मी के मौसम को देखते हुए पक्षियों के संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल की गई। दादू दयाल पर्यावरण संस्थान की प्रेरणा से विद्यालय परिसर में पक्षियों के लिए 50 परिण्डे लगाए गए।
कार्यक्रम प्रधानाचार्य रामसिंह मीणा की उपस्थिति में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यालय स्टाफ और स्काउट बच्चों ने सक्रिय सहयोग करते हुए परिण्डे बंधवाए। इस दौरान बच्चों को पक्षियों को बचाने के उद्देश्य से अपने-अपने घरों पर भी परिण्डे लगाने और दाना (चुगा) की व्यवस्था करने की जानकारी दी गई।
प्रधानाचार्य रामसिंह मीणा ने विद्यार्थियों को विद्यालय में लगाए गए परिण्डों में नियमित रूप से पानी डालने की जिम्मेदारी सौंपी। साथ ही विद्यालय स्टाफ को भी अपने-अपने घरों पर कम से कम पांच परिण्डे लगाने की प्रतिज्ञा दिलाई गई, जिससे व्यापक स्तर पर पक्षियों को राहत मिल सके।
इस अवसर पर मधूसुदन जांगिड़, चांदमल बेरवा, धनराज मीणा, श्योजी लाल मीणा, मीठालाल मीणा सहित विद्यालय के सभी बालक-बालिकाएं उपस्थित रहे। यह पहल भीषण गर्मी के बीच पक्षियों के जीवन संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामूहिक सहभागिता का उदाहरण बनकर उभरी।

