टोंक: फूल माली सैनी समाज का 28वां सामूहिक विवाह सम्मेलन 25 अप्रैल को
टोंक के तुम्बीपुरा में जानकी नवमी पर आयोजित होने वाले सम्मेलन में अब तक 45 जोड़ों का पंजीयन, 20 अप्रैल तक आवेदन की अंतिम तिथि।

टोंक जिला मुख्यालय के तुम्बीपुरा में 25 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले 28वें फूल माली (सैनी) समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा करते पदाधिकारी।
टोंक। फूल माली (सैनी) समाज टोंक सदर द्वारा टोंक जिला मुख्यालय के मोदी की चौकी के पास तुम्बीपुरा में 28वां फूल माली विवाह सम्मेलन का आयोजन 25 अप्रैल 2026 (जानकी नवमी) को किया जाएगा।
सम्मेलन की तैयारियां और पंजीयन विवरण
सम्मेलन समिति के महामंत्री सीताराम मारोट्या ने जानकारी देते हुए बताया कि "सदर माली सैनी समाज के तत्वाधान में आयोजित होने वाले 28वां सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए जोड़ा पंजीयन कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और अब तक 45 वर-वधू का पंजीयन किया जा चुका है।" सम्मेलन में किसी प्रकार का व्यवधान न हो, इसके लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। वर-वधू को उपहार वितरण हेतु अलग समिति का गठन किया गया है, जो उन्हें आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवा रही है।
व्यवस्थाएं और भामाशाहों का सहयोग
आयोजन समिति के संरक्षक कमलेश सिंगोदिया एवं समिति अध्यक्ष रमेश बागड़ी ने बताया कि "आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के पदाधिकारी शहर के भामाशाहों से घर-घर जाकर सहयोग एवं धन संग्रहण कर रहे हैं।" साथ ही टेंट, डेकोरेशन, भोजन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के टेंडर जारी कर दिए गए हैं। सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी समाज के जिम्मेदार लोगों को सौंपी गई है, जो पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं।
पंजीयन नियम एवं सहयोग राशि
सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रत्येक जोड़े को 31,000 रुपये प्रतिपक्ष सहयोग राशि प्रदान की जाएगी। पंजीयन की अंतिम तिथि 20 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। विवाह योग्य वर की न्यूनतम आयु 21 वर्ष तथा वधू की 18 वर्ष निर्धारित की गई है। समाज बंधुओं में सम्मेलन को लेकर उत्साह का माहौल है और आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

