टोंक: देवली में अवैध डोडा पोस्त बरामद, कार सहित एक आरोपी गिरफ्तार
टोंक जिला स्पेशल टीम और देवली पुलिस ने कासिर रोड पर नाकेबंदी के दौरान कार से 2.741 किलो मादक पदार्थ, नकदी और उपकरण बरामद किए।

देवली थाना क्षेत्र के कासिर रोड पर पुलिस कार्रवाई के दौरान जब्त की गई वैगनआर कार जिससे भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ।
जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला स्पेशल टीम और देवली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है। कार्रवाई अति पुलिस अधीक्षक मालपुरा पुष्पेन्द्र सिंह के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक वृत देवली हेमराज के सुपरविजन में की गई।
उपनिरीक्षक ओमप्रकाश के नेतृत्व में गठित टीम ने देवली थाना क्षेत्र के कासिर रोड पर देर रात्रि छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक कार (वैनगनआर RJ 40 CB 2971) से करीब 50 हजार रुपये कीमत का 2.741 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त बरामद किया गया। मौके से 5950 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, मिक्सर ग्राइंडर एवं आरोपी का मोबाइल भी जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी शंकरलाल (45) पुत्र सूरज करण निवासी कासिर, थाना देवली को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मय DST टीम तथा थानाधिकारी दौलतराम पुलिस थाना देवली के जाप्ते ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच जारी है तथा अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है, जिससे इस कार्रवाई के व्यापक असर की संभावना जताई जा रही है।

