टोंक। शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में नगर परिषद की प्रवर्तन टीम ने सख्त कदम उठाते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की है। अभियान के दौरान करीब 50 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक पॉलिथीन जब्त की गई। साथ ही संबंधित व्यापारियों को भविष्य में प्लास्टिक पॉलिथीन का भंडारण व वितरण नहीं करने के निर्देश दिए गए।

आयुक्त के निर्देश पर प्रवर्तन टीम की सख्त दबिश

यह कार्रवाई आयुक्त धर्मपाल जाट के निर्देश पर की गई। अभियान के दौरान टीम ने स्पष्ट किया कि "राज्य सरकार द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण रोक है और उल्लंघन करने पर जुर्माना व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।" प्रवर्तन टीम में राजस्व अधिकारी अभिषेक शर्मा, राजस्व निरीक्षक सौरव गर्ग, नरेंद्र जैन, मोहम्मद आदिल, भंवरलाल एवं गोविंद रवि मौजूद रहे।

पर्यावरण संरक्षण हेतु व्यापारियों से विशेष अपील

नगर परिषद ने व्यापारियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए कपड़े व कागज के थैलों के उपयोग की अपील की है। शहर की स्वच्छता और पारिस्थितिकी तंत्र को बनाए रखने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रखने के संकेत दिए गए हैं।

Next Story