टोंक, राजस्थान। शहर में लगातार बढ़ रहे अवैध अतिक्रमण को लेकर नगर परिषद ने सख्त रुख अपनाया है। नगर परिषद आयुक्त धर्मपाल चौधरी के निर्देश पर राजस्व अधिकारी सौरभ गर्ग के नेतृत्व में अतिक्रमण दस्ते ने शहर के मुख्य मार्गों पर फूटपाथ और सड़क किनारे लगे अवैध कैबिनों, थड़ियों और अस्थाई अतिक्रमण को बुल्डोजर से ध्वस्त कर सामान जप्त किया।

गत दो दिनों से शहर के छावनी चौराहा, बस स्टैंड, बम्बोर रोड अंडरपास और अन्य मुख्य मार्गों पर जारी इस कार्रवाई में नगर परिषद ने अतिक्रमियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध अतिक्रमण तुरंत हटाना होगा। दस्ते ने आज सुबह सआदत हॉस्पिटल से एमसीएच हॉस्पिटल तक अतिक्रमण चिन्हित कर इसे हटाने की कार्रवाई की। कई अतिक्रमियों ने विरोध प्रदर्शित किया, लेकिन नगर परिषद ने कार्रवाई निरंतर जारी रखी।

राजस्व अधिकारी सौरभ गर्ग ने बताया कि हाईकोर्ट और राजस्थान सरकार के गृह विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी यह कार्रवाई आवश्यक है। पिछले दिनों जयपुर, जोधपुर और जैसलमेर में हुई सड़क दुर्घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि टोंक में ऐसी घटनाओं को रोकना प्राथमिकता है।

सौरभ गर्ग ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमियों को पहले भी कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया। नगर परिषद ने कहा कि शहर में आगे भी किसी भी स्थान से अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई शहर में कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।

Next Story