टोंक जिले में संगठित रूप से संचालित जुए के खिलाफ जिला स्पेशल टीम (DST) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा के निर्देश पर डीवाईएसपी मृत्युंजय मिश्रा के सुपरविजन एवं DST प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में देर रात कोतवाली थाना क्षेत्र के बछेरो का घेर इलाके में छापेमारी की गई।

अभेद्य किलेबंदी को भेदकर पुलिस की दबिश

DST टीम ने शातिर सटोरिया शाकीर द्वारा संचालित जुए के अड्डे पर पुलिस से बचने के लिए बनाई गई त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था को भेदते हुए सुनियोजित तरीके से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके पर चटाई पर ताश पत्तियों से रुपए-पैसों का दांव लगाते हुए चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ताश पत्ती, 25 हजार रुपए नकद तथा जुए में प्रयुक्त चटाई जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपी और पुलिसिया कार्यवाही

गिरफ्तार आरोपियों में रहमान पुत्र अब्दुल गनी (निवासी काली पलटन), हुसैन पुत्र मोहम्मद अजीम (निवासी धन्ना तलाई), नदीम पुत्र जफर (निवासी काली पलटन) और साहिल पुत्र अब्दुल वाहिद (निवासी काली पलटन) शामिल हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों सहित जुए के संचालक शाकीर के खिलाफ संगठित अपराध की धाराओं में कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Next Story