टोंक जिला मुख्यालय पर भारतीय जनता पार्टी के नव निर्मित कार्यालय के उद्घाटन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। 27 अप्रैल को प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित कई वरिष्ठ नेता टोंक पहुंचेंगे, जिससे कार्यक्रम का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया है।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने जिला कलेक्टर टीना डाबी और एसपी राजेश मीणा सहित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बीजेपी कार्यालय के बाहर प्रस्तावित सभा स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, व्यवस्थाओं और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि आयोजन को सुव्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

सूत्रों के अनुसार, इस कार्यक्रम के दौरान टोंक के साथ-साथ प्रतापगढ़, चूरू, बूंदी, डूंगरपुर, पाली और बाड़मेर के भाजपा कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बूथ अध्यक्षों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित कर संगठनात्मक मजबूती पर भी जोर दिया जाएगा।

इस बड़े आयोजन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। भीड़ जुटाने के लिए लगातार बैठकों का दौर जारी है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के भी जल्द टोंक आने की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल, टोंक में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जो आगामी रणनीतियों और संगठनात्मक सक्रियता के संकेत दे रहा है।

Next Story