टोंक: कलेक्टर टीना डाबी के आवास में घुसा कोबरा, सिविल डिफेंस ने किया रेस्क्यू
टोंक कलेक्टर आवास पर 5 फीट लंबा कोबरा घुसने से मचा हड़कंप, निजी सहायक की सूचना पर सिविल डिफेंस टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा।

टोंक कलेक्टर टीना डाबी के सरकारी आवास परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब वहां एक खूंखार कोबरा घुस गया। शुक्रवार शाम को टीना डाबी के सरकारी आवास में करीब 5 फीट लंबा कोबरा आ गया, जिसे देख आनन-फानन में कर्मचारियों ने सिविल डिफेंस की टीम को कॉल किया।
निजी सहायक ने दी सूचना और वन्यजीव प्रेमी ने किया रेस्क्यू
इस कोबरा सांप को सबसे पहले कलेक्टर के निजी सहायक ने देखा था और उन्होंने ही इसकी सूचना सिविल डिफेंस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल डिफेंस से जुड़े वन्यजीव प्रेमी गालिब खान तत्काल मौके पर पहुंचे। गालिब ने बताया कि अभी मौसम परिवर्तन हो रहा है, जिसके कारण जीव बाहर निकल रहे हैं। यह सांप अत्यधिक जहरीला और नाजा प्रजाति का था।
फन फैलाकर बैठा रहा कोबरा
रेस्क्यू के दौरान सांप करीब बीस मिनट तक फन फैलाकर बैठा रहा और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे काबू में किया गया। गालिब खान के अनुसार, सांप के पेट में शिकार होने के कारण वह सुस्त अवस्था में पड़ा हुआ था। हालांकि, रेस्क्यू के समय उसने काफी आक्रामक तेवर दिखाए, लेकिन अंततः उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया।
बंगले पर मौजूद नहीं थीं कलेक्टर टीना डाबी
राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना के समय कलेक्टर टीना डाबी बंगले पर मौजूद नहीं थी। सांप के पकड़े जाने के बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने राहत की सांस महसूस की। करीब आधे घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान परिसर में काफी अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, जिसे टीम की सूझबूझ से नियंत्रित कर लिया गया।

