माउंट आबू (सिरोही)। पहाड़ी पर्यटन स्थल माउंट आबू के सेंट मैरी क्षेत्र में एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची के अचानक लापता होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। रॉयल पैलेस होटल के समीप झोपड़ी में रहने वाले परिवार की यह बच्ची रविवार शाम से लापता है। परिजन और पुलिस पूरी रात से उसकी तलाश में जुटे हुए हैं, जबकि प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे बच्ची अन्य बच्चों के साथ अपनी झोपड़ी के बाहर खेल रही थी। कुछ ही देर बाद जब परिजनों ने देखा तो वह अचानक गायब थी। परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही माउंट आबू थाना पुलिस हरकत में आई और रात में ही तलाशी अभियान शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी गोमाराम चौधरी, थाना अधिकारी प्रदीप डागा तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के जंगलों, घाटियों और सुनसान इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। स्थानीय ग्रामीणों और होटल कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि बच्ची के बारे में कोई सुराग मिल सके।

डीएसपी गोमाराम चौधरी ने बताया कि मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो अलग-अलग इलाकों में तलाशी अभियान चला रही हैं। फिलहाल बच्ची का कोई पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जब तक बच्ची मिल नहीं जाती, सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।

माउंट आबू जैसे पर्यटन स्थल पर इस तरह की घटना से स्थानीय लोगों और पर्यटकों में चिंता का माहौल है। पुलिस प्रशासन मामले की हर पहलू से जांच कर रहा है, जबकि परिजनों की आंखें अपनी मासूम के लौटने की राह तक रही हैं।a

Next Story