बारां, 4 दिसंबर। शहर के हृदयस्थल श्रीजी चौक में स्थित आराध्य देव भगवान श्री कल्याण राय जी के प्राचीन मंदिर के जीर्णोद्धार की मांग अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ गई है। लंबे समय से क्षतिग्रस्त दीवारों, टूटे गुंबदों और अव्यवस्थित परिसर को लेकर आवाज उठा रहे श्रीजी भक्त मंडल की सुनवाई आखिरकार देवस्थान विभाग ने कर ली। विभाग के सहायक आयुक्त के.के. खंडेलवाल ने बुधवार को मंदिर परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया, जिसमें उनके साथ स्थानीय विधायक राधेश्याम बेरवा भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त खंडेलवाल ने मंदिर की जर्जर अवस्था को गहराई से देखा—टूटे बरामदे, क्षतिग्रस्त पिलर, गुंबदों में उभरती दरारें और बरसात में होने वाले रिसाव की समस्याएं उनके समक्ष स्पष्ट रूप से आईं। भक्त मंडल के सदस्यों ने बताया कि मंदिर परिसर के कई हिस्सों की हालत लंबे समय से दयनीय है, जो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। परिसर के भीतर और आसपास फैली गंदगी की ओर भी अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया गया।

दुकानदार संघ के अध्यक्ष ललित मोहन खंडेलवाल और भक्त मंडल के सदस्यों राजेंद्र शर्मा, भानू पोरवाल, आनंद बंसल, एडवोकेट सुरेश शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने अधिकारियों को अवगत कराया कि स्नानागार, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी जीर्ण अवस्था में हैं और नए स्वरूप में निर्माण की आवश्यकता है। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या रोजाना दर्शन के लिए पहुंचती है, ऐसे में मंदिर का सुरक्षित और सुंदर स्वरूप अत्यंत आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान विधायक राधेश्याम बेरवा ने सहायक आयुक्त से आग्रह किया कि मंदिर के पुनरुद्धार और विकास कार्य के लिए शीघ्र बजट प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि वह इसे संबंधित मंत्रालय में प्रस्तुत कर आवश्यक बजट का आवंटन सुनिश्चित करवा सकें। उन्होंने कहा कि मंदिर बारां की आस्था का केंद्र है, और इसका कायाकल्प शहर की सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान देगा।

इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम नारायण सोनी, देवस्थान विभाग के निरीक्षक बृजेश, प्रबंधक राजकुमार विजय, ओम चक्रवर्ती मिथुन, मुकेश केरवलिया, योगेश राजोरा तथा मंदिर के पुजारी दुर्गाशंकर शर्मा और राजेंद्र पंडित भी उपस्थित रहे। भक्त मंडल के प्रतिनिधियों ने पुराने लंबित मामलों और विभागीय उदासीनता की भी जानकारी अधिकारियों को दी।

निरीक्षण के अंत में सहायक आयुक्त के.के. खंडेलवाल ने आश्वासन दिया कि मंदिर के जीर्णोद्धार की कार्रवाई शीघ्र शुरू की जाएगी और परिसर के बाहर स्थित दुकानों के सुधार का कार्य भी प्राथमिकता में रहेगा। इससे पहले उन्होंने मांगरोल रोड स्थित भगवान श्री प्यारे राम जी मंदिर का भी अवलोकन किया।

श्रीजी मंदिर के कायाकल्प की यह प्रक्रिया न सिर्फ श्रद्धालुओं के लिए राहत का संदेश है, बल्कि बारां की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को नई ऊंचाई देने वाली पहल भी साबित होगी।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story