अजमेर। राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिकता का प्रतीक अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेला गुरुवार को रंगारंग समारोह के साथ प्रारंभ हुआ। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और कैबिनेट मंत्री सुरेशसिंह रावत ने राष्ट्रगान के बीच ध्वजारोहण कर मेले का शुभारंभ किया। मेला मैदान में गूंजते नगाड़ों, झूमते पर्यटकों और उमंग से भरे लोकनृत्यों ने परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।

मेले के शुभारंभ के मौके पर पुलिस जवानों द्वारा सलामी दी गई, जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में मेला स्टेडियम में भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर मेला मजिस्ट्रेट एवं उपखंड अधिकारी गुरु प्रसाद तंवर, एडीएम गजेन्द्रसिंह राठौड़, एसपी वंदिता राणा सहित अनेक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और कैबिनेट मंत्री सुरेशसिंह रावत ने राष्ट्रगान के बीच ध्वजारोहण कर मेले का शुभारंभ किया।


विदेशी पर्यटकों संग नगाड़ा वादन से बना विश्व रिकॉर्ड

शुभारंभ समारोह का सबसे आकर्षक क्षण तब आया जब प्रसिद्ध नगाड़ा वादक नाथूराम सोलंकी के नेतृत्व में 100 से अधिक देशी-विदेशी कलाकारों ने एक साथ नगाड़ा वादन कर विश्व रिकॉर्ड बनाया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर विदेशी महिला-पुरुष कलाकारों के संग नृत्य करती उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और मंत्री सुरेशसिंह रावत ने भी राजस्थान की लोकसंस्कृति का उत्सवपूर्ण परिचय दिया।

राजस्थानी नृत्य से सजी छात्राओं की प्रस्तुति

पुष्कर की शिक्षण संस्थाओं की लगभग 200 छात्राओं ने राजस्थानी लोकगीतों पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। विदेशी पर्यटकों ने छात्राओं की प्रस्तुति का तालियों से स्वागत किया, जिससे पूरा मेला मैदान लोक रंगों से सराबोर हो उठा।




दिया कुमारी ने किया घूमर नृत्य, विकास योजनाओं की दी जानकारी

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने छात्राओं और विदेशी पर्यटकों के साथ घूमर नृत्य किया और उन्हें राज्य की संस्कृति से रूबरू कराया। उन्होंने घोषणा की कि 19 नवंबर को राजस्थान के सभी सात संभागों में भव्य घूमर नृत्य का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि पुष्कर में शीघ्र ही कॉरिडोर निर्माण कार्य शुरू होगा, जिसकी डीपीआर तैयार की जा चुकी है। राज्य सरकार ने पुष्कर मेले के लिए बजट को 70 लाख से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दिया है, ताकि आयोजन और भी भव्य रूप ले सके।

सांस्कृतिक यात्रा और लोक परंपराओं की झलक

मेले के शुभारंभ पर ब्रह्मा मंदिर से गाजे-बाजे के साथ सांस्कृतिक यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में महिला कलाकारों ने राजस्थानी नृत्य प्रस्तुत किए, जबकि उनके पीछे रेगिस्तान के जहाज ऊंटों का रेला चल रहा था। गोपाल बंजारा एंड पार्टी द्वारा प्रस्तुत इस यात्रा ने मेला मैदान तक पहुंचकर सांस्कृतिक उत्सव का माहौल बना दिया।



राजस्थानी मांडणा प्रतियोगिता ने बढ़ाई शोभा

मेला स्टेडियम में आयोजित मांडणा प्रतियोगिता में अजमेर, ब्यावर और केकड़ी की आठ पंचायत समितियों की महिलाओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने गोबर लेपित दीवारों पर आकर्षक मांडणे और रंगोलियां बनाकर स्टेडियम को पारंपरिक रंगों से भर दिया। पीसांगन टीम ने प्रथम, जबकि पुष्कर टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विदेशी पर्यटकों ने इस कला की खूब सराहना की और फोटोग्राफी कर यादगार क्षण संजोए।

मेले में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम

कैबिनेट मंत्री सुरेशसिंह रावत ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि इस वर्ष का पुष्कर मेला ऐतिहासिक और भव्य होगा। पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने कहा कि मेले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है, साथ ही सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।

गोपाष्टमी पर होगी भव्य महा आरती और अन्नकूट महोत्सव

पुष्कर सरोवर के ब्रह्म घाट पर श्री तीर्थ पुरोहित संघ ट्रस्ट की ओर से गोपाष्टमी के पावन अवसर पर शाम को भव्य महा आरती और अन्नकूट महोत्सव का आयोजन होगा। घाट को दुल्हन की तरह सजाया गया है और विभिन्न झांकियां तथा रंगोलियां सजी हैं। इस अवसर पर श्रद्धालु दीपदान कर पुण्य अर्जित करेंगे।

मेले में उमड़ा देशी-विदेशी सैलानियों का सैलाब

पुष्कर मेला अपने शबाब पर है। देशी और विदेशी पर्यटक, तीर्थ यात्री और पशुपालक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। सरोवर के घाटों और बाजारों में रोशनी की जगमगाहट और लोक संगीत की गूंज ने पुष्कर को एक बार फिर विश्व पटल पर चमका दिया है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story