विधानसभा उपचुनाव 2025 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में रविवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बारां परिसर में बनाए गए मतदान दलों के अंतिम प्रशिक्षण स्थल और मतदान सामग्री वितरण केंद्र का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी तोमर ने मतदान के लिए तैयार की गई ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सामग्री वितरण और संग्रहण के लिए बनाए गए काउंटरों की स्थिति, मतदान दलों के आवागमन की सुविधा, पार्किंग व्यवस्था तथा मतदान के पश्चात सामग्री संग्रहण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक चरण पर सुरक्षा और पारदर्शिता सर्वोपरि रखी जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो।

इस मौके पर उन्होंने प्रशिक्षण स्थल पर बनाए जा रहे पाण्डाल, कार्मिकों की बैठक व्यवस्था, काउंटरों की स्थिति तथा आवश्यक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान दलों को प्रशिक्षण और सामग्री वितरण के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहें।

निरीक्षण के दौरान उपजिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) भंवरलाल जनागल, सीईओ जिला परिषद राजवीर सिंह चौधरी, एडीएम शाहबाद जब्बर सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने दोहराया कि निर्वाचन कार्य लोकतंत्र का उत्सव है और इसकी हर प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story