भरतपुर। जघीना ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाला भवनपुरा गांव पिछले तीन वर्षों से बदहाल सड़क की समस्या से जूझ रहा है। गांव की मुख्य सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे हर दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, क्योंकि जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर पानी भर जाता है और कीचड़ से आवागमन लगभग ठप पड़ जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ता है, लेकिन इसकी मरम्मत की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे किसी हादसे को दावत देते प्रतीत होते हैं। छोटे बच्चे घरों से बाहर निकलने में डरते हैं, वहीं दोपहिया वाहन चालकों के लिए इस मार्ग से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार वाहन फिसलकर पलट चुके हैं, जिससे लोग घायल भी हुए हैं। इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर समस्या का कोई समाधान नहीं निकला। ग्रामीणों ने कई बार विधायक, सरपंच और जिला प्रशासन को शिकायतें दीं, लेकिन वर्षों बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जब बड़े वाहन गुजरते हैं तो सड़क किनारे खड़े रहना भी मुश्किल हो जाता है। वे चाहते हैं कि सड़क की तत्काल मरम्मत कर स्थायी जल निकासी व्यवस्था की जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुचारू हो सके। लगातार बढ़ती परेशानी और प्रशासनिक उदासीनता के कारण अब लोगों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।

भवनपुरा के ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाए, ताकि वर्षों से झेल रहे इस संकट से राहत मिल सके।

Umesh Lawania, Bharatpur

Umesh Lawania, Bharatpur

उमेश लावणिया भरतपुर से हमारे प्रतिष्ठित संवाददाता हैं। स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों के सटीक और समयनिष्ठ कवरेज के लिए उन्हें जाना जाता है। प्रात:काल न्यूज़ के पाठकों तक वे हमेशा सत्यनिष्ठ और प्रभावशाली खबरें पहुँचाते हैं। उनके लेख और रिपोर्टिंग में गहराई, स्पष्टता और भरोसेमंद जानकारी का समावेश रहता है, जो उन्हें हमारे न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म का एक अहम स्तंभ बनाता है।

Next Story