ब्राह्मण समाज ने ली प्री वेडिंग शूट नहीं करवाने की शपथ युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश, व्यापार और उद्योग को दी प्राथमिकता – मुख्य अतिथि संदीप शर्मा
कोटा में सनाढ्य ब्राह्मण महासभा राजस्थान द्वारा आयोजित अखिल भारतीय ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन और अन्नकूट महोत्सव में समाज ने प्री वेडिंग शूट न करवाने की शपथ ली। मुख्य अतिथि संदीप शर्मा ने आत्मनिर्भरता और शिक्षा-चिकित्सा सेवा प्रकल्पों की पहल का आह्वान किया।

कोटा। सनाढ्य ब्राह्मण महासभा राजस्थान के तत्वाधान में परशुराम वाटिका में आयोजित अखिल भारतीय ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं अन्नकूट महोत्सव सामाजिक परंपरा, संस्कृति और आत्मनिर्भरता का अद्भुत संगम बन गया। इस अवसर पर कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा मुख्य अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द कौशल ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य देवेंद्र दीक्षित ने वैदिक मंत्रोच्चार और गुरु वंदना के साथ किया। मंच पर समाज के वरिष्ठजनों और पदाधिकारियों की उपस्थिति में गुरु वशिष्ठ धर्म ध्वज की स्थापना की गई, जो ब्राह्मण समाज की आस्था, संस्कार और गौरव का प्रतीक बना। आयोजन समिति अध्यक्ष गिरिराज शर्मा और अन्नकूट समिति अध्यक्ष महेंद्र शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से सैकड़ों विवाह योग्य युवक-युवतियां और उनके परिजन शामिल हुए। मंच पर परिचय सत्र का आयोजन हुआ, जहां युवा अपने जीवनसाथी की तलाश में पारंपरिक तरीके से मिले।
कार्यक्रम में इंदौर से आए कलाकारों ने भक्ति संगीत की प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आशीष शर्मा एवं साथियों द्वारा सृजित श्रीनाथ जी की झांकी और छप्पन भोग की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। देर रात तक चली झांकियों और भजनों की रसधार पर समाजजन झूमते रहे।
मुख्य अतिथि संदीप शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आज के युग में युवक-युवती परिचय सम्मेलन जैसी पहल समाज की आवश्यकता है, जो पारिवारिक बंधन और पारंपरिक संस्कारों को सशक्त बनाती है। उन्होंने सुझाव दिया कि समाज को शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में सेवा प्रकल्प आरंभ करने चाहिए, जिससे जरूरतमंदों को नि:शुल्क चिकित्सा और होनहार छात्रों को उच्च शिक्षा में सहयोग मिल सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस दिशा में वे समाज के साथ हर संभव सहयोग करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द कौशल ने समाज में बढ़ती पश्चिमी प्रवृत्तियों पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी को प्री वेडिंग शूट जैसे अनावश्यक दिखावे से दूर रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह परंपरा भारतीय संस्कृति और मर्यादा के विपरीत है। उनके आव्हान पर मुख्य अतिथि संदीप शर्मा एवं मंच पर उपस्थित वरिष्ठजनों सहित सभी समाजबंधुओं ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे अब से प्री वेडिंग शूट नहीं करवाएंगे और इस परंपरा को समाप्त करने का संकल्प लेंगे।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष गिरिराज शर्मा ने युवाओं से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज को केवल नौकरी तक सीमित नहीं रहकर व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में भी अग्रसर होना चाहिए ताकि समाज आत्मनिर्भर और रोजगार देने वाला वर्ग बन सके। इसी क्रम में सनाढ्य महासभा द्वारा निर्मित वेबसाइट www.sanadhyamarriage.com
का विमोचन विशिष्ट अतिथि श्रीमती गीता शर्मा ने रिमोट बटन दबाकर किया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के 51 वरिष्ठजनों को शॉल, दुपट्टा और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य संयोजक विजय सनाढ्य ने सभी अतिथियों का स्वागत किया, जबकि अन्नकूट संयोजक राजेंद्र वशिष्ठ ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन कौशल शर्मा और आशुतोष दीक्षित ने किया।
इस भव्य आयोजन में प्रदेश और विभिन्न जिलों से अनेक सामाजिक संगठन, पदाधिकारी और विशिष्ट अतिथि शामिल हुए, जिनमें मनोज शर्मा, इंद्रा शर्मा, पूर्व विधायक ओमप्रकाश शर्मा डिंगल, अतिरिक आयुक्त रंजना पाठक, समाजसेवी जटाशंकर शर्मा, गणेश शर्मा, राजेश शर्मा, योगेश शर्मा, प्रेस क्लब कोटा के गजेंद्र व्यास सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल विवाह योग्य युवाओं के लिए एक सशक्त मंच साबित हुआ, बल्कि समाज के अंदर सांस्कृतिक पुनर्जागरण और आत्मनिर्भरता की भावना को भी प्रज्वलित करने वाला बना।
- ब्राह्मण समाजकोटा समाचारसनाढ्य ब्राह्मण महासभाप्री वेडिंग शूट शपथसंदीप शर्मा कोटाअरविन्द कौशलब्राह्मण युवक युवती परिचय सम्मेलनअन्नकूट महोत्सव कोटाब्राह्मण समाज समाचारआत्मनिर्भर ब्राह्मणsanadhyamarriage.comराजस्थान समाज आयोजनपरशुराम वाटिका कोटाब्राह्मण परंपरासांस्कृतिक कार्यक्रम कोटाBrahmin community Kotapre wedding shoot banSanadhya Brahmin Sabha RajasthanSandeep Sharma MLAyouth marriage meet Kota

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
