टोंक। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के उद्देश्य से जिला क्षय निवारण केंद्र, टोंक में गुरुवार को एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में टोंक और पीपलू खंड के सभी कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (सीएचओ) एवं डॉट्स प्रोवाइडर्स ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी उन्मूलन की नवीन रणनीतियों, तकनीकी पहलुओं और जमीनी स्तर पर लागू किए जाने वाले उपायों की गहन जानकारी देना रहा।

प्रशिक्षण सत्र की अध्यक्षता जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. हिमांशु मित्तल ने की। उन्होंने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से टीबी उन्मूलन के छह प्रमुख इंडिकेटर्स पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। डॉ. मित्तल ने कहा कि “टीबी मुक्त पंचायत का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक स्वास्थ्यकर्मी अपनी जिम्मेदारी को मिशन भावना से निभाए।” उन्होंने निर्देश दिया कि नॉट साइट्स पर अधिक से अधिक बलगम सैंपल भेजे जाएं ताकि संदिग्ध मरीजों की शीघ्र पहचान और उपचार सुनिश्चित हो सके।

डॉ. मित्तल ने निक्षय पोषण योजना के तहत प्रत्येक पुष्ट टीबी मरीज को एक हजार रुपये मासिक सहायता देने और निक्षय मित्र योजना के माध्यम से अतिरिक्त पोषण या आर्थिक सहयोग दिलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक सहायता के उपरांत निक्षय पोर्टल पर तुरंत ऑनलाइन एंट्री करना अनिवार्य है। बाल चिकित्सा टीबी पर विशेष सत्र लेते हुए उन्होंने पीडियाट्रिक टीबी के लक्षण, निदान और प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी दी।

डीपीसी मर्सरत मियां ने ब्लॉक स्तर पर प्रचार-प्रसार की रणनीतियां साझा कीं, जिनमें दीवार लेखन, ग्राम सभाएं और स्कूल स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं। जिला लेखाकार दिनेश चौधरी ने निक्षय पोषण योजना की धनराशि वितरण प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया, जबकि जिला डाटा एंट्री ऑपरेटर सरल सैनी ने डिफरेंशियल टीबी केयर मरीजों की ऑनलाइन एंट्री की तकनीकी बारीकियां बताईं।

एसटीएलएस निसार खान ने लक्ष्यानुरूप नॉट जांच हेतु संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग और सैंपल संग्रहण की विधि पर प्रशिक्षण दिया। वहीं एसटीएस महेन्द्र कुमार योगी ने टीबी मरीजों को पोषण किट वितरण के उपरांत निक्षय में ऑनलाइन इंद्राज की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी डॉ. निर्मला मालपानी, नर्सिंग ऑफिसर जगवीर सिंह सहित दोनों खंडों के स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम ने न केवल स्वास्थ्यकर्मियों को टीबी उन्मूलन की दिशा में नई ऊर्जा दी बल्कि उन्हें यह भी सिखाया कि कैसे समन्वित प्रयासों से टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य साकार किया जा सकता है।

Next Story