राजेंद्र शर्मा | बारां/समरानिया।

विद्या भारती बारां के तत्वावधान में संचालित स्वामी विवेकानंद विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय, समरानिया में वार्षिक समीक्षा एवं योजना बैठक का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति के समन्वय का भाव पूरे आयोजन में दृष्टिगोचर हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोटा जिले के संपर्क प्रमुख सुरेश कुमार विजयवर्गीय तथा जिला सचिव राजेंद्र कुमार शर्मा रहे। विद्यालय प्रबंध समिति के सचिव माखनलाल राठौर और उपाध्यक्ष हेमराज राठौर ने भारतीय परंपरा के अनुरूप अतिथियों का मंगल तिलक लगाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।

अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में मुख्य अतिथि विजयवर्गीय ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए माता-पिता, गुरु और ईश्वर का आशीर्वाद अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और विश्वास ही सफलता की मूल कुंजी हैं। विद्या भारती संस्था पूरे देश में राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत शिक्षा और संस्कार प्रदान कर भारत को विश्व में अग्रणी बनाने के उद्देश्य से निरंतर कार्यरत है।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता हेमराज राठौर को विद्यालय के एकल विद्यालय संचालन हेतु एक वर्ष के समर्पण निधि सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय अधीक्षक सुनील कुमार सेन ने किया। विद्यालय के पारी प्रभारी माणकचंद वैष्णव, भारती नामा, चेतन मेहता सहित सभी आचार्य-दीदी की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिससे पूरे परिसर में राष्ट्रप्रेम और संगठन भावना की गूंज सुनाई दी। कार्यक्रम की जानकारी विद्यालय के संपर्क प्रभारी नीलू कुमार मेहता ने दी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story