बारां,

अंता विधानसभा उपचुनाव-2025 की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पुलिस पर्यवेक्षक गगनदीप गंभीर और व्यय पर्यवेक्षक मुकेश राठौड़ ने शनिवार को जिले की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सारथल स्थित परवन नदी पुलिया के पास बनाए गए अंतर-जिला चैक पोस्ट पर व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

निरीक्षण के दौरान दोनों पर्यवेक्षकों ने चैक पोस्ट पर तैनात पुलिस कर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों से वाहनों की तलाशी प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि चुनाव की निष्पक्षता में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए वाहनों की सतर्कता से जांच की जाए और किसी भी संदिग्ध सामग्री, नकदी या शराब आदि के परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जाए। पर्यवेक्षकों ने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

इस मौके पर सारथल थानाधिकारी गिरिराज तथा लाइजनिंग अधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने चैक पोस्ट पर की जा रही जांच की व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया और आवश्यक सूचनाएं साझा कीं। निरीक्षण के दौरान पर्यवेक्षकों ने यह भी सुनिश्चित किया कि मतदान तिथि नजदीक आने के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जा सके।

अंता उपचुनाव की तैयारियों के बीच यह निरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया की गंभीरता और प्रशासन की तत्परता को दर्शाता है। पर्यवेक्षकों द्वारा दिए गए निर्देशों से सुरक्षा तंत्र को नई दिशा मिलने की उम्मीद है, जिससे चुनाव शांति, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सम्पन्न हो सके।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story