हनुमानगढ़, 2 नवंबर। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में हनुमानगढ़ के राजकीय मेडिकल कॉलेज ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। श्रीगंगानगर स्थित डॉ. एस.एस. टांटिया मेडिकल कॉलेज में आयोजित “स्टेपिस: एवरी स्टेप टुवर्ड्स हीलिंग – डायबिटिक फुट” कॉन्फ्रेंस में कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया।

यह कॉन्फ्रेंस डायबिटिक फुट की रोकथाम और उसके प्रभावी प्रबंधन के नवीन तरीकों पर केंद्रित रही, जिसमें देशभर से आए चिकित्सा विशेषज्ञों और विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के दौरान आयोजित क्विज़ प्रतियोगिता और पोस्टर प्रस्तुति में राजकीय मेडिकल कॉलेज हनुमानगढ़ के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान आकर्षित किया।

कॉलेज की टीम में तरुण भाटी, महक सोनी, प्रियांशु विजय, कुमकुम, लक्ष्य जैन, रमा आर्य, रवीन्द्र जैपाल, करिश्मा, भावना चौधरी, केशव, नरेश पटेल, रुचिका जाखड़, इमानी अग्रवाल, मुस्कान जैन, किरण यादव और समृद्धि सहित कुल 11 छात्रों ने भाग लिया। विद्यार्थियों के इस समूह ने अपने ज्ञान, सृजनशीलता और आत्मविश्वास से निर्णायकों को प्रभावित किया।

प्रतियोगिता में लक्ष्य जैन एवं भावना चौधरी ने पोस्टर प्रस्तुति में द्वितीय स्थान प्राप्त कर कॉलेज का नाम रोशन किया, जबकि तरुण भाटी, प्रियांशु विजय और रवीन्द्र जैपाल की टीम को तृतीय स्थान मिला। इसी तरह किरण यादव और मुस्कान जैन ने क्विज़ प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया।

छात्रों की इस सफलता के पीछे कॉलेज के शिक्षकों का मार्गदर्शन रहा। बायोकैमिस्ट्री विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुमन जैन और मेडिसिन विभाग के सीनियर रेज़िडेंट डॉ. निखिल आहूजा ने विद्यार्थियों को न केवल शैक्षणिक दृष्टि से बल्कि प्रस्तुति और अनुसंधान के क्षेत्र में भी प्रेरित किया। वहीं, कॉन्फ़्रेंस के एक वैज्ञानिक सत्र की अध्यक्षता कॉलेज के प्रतिनिधि डॉ. सुनील ने की।

विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय कॉलेज की प्राचार्य डॉ. कीर्ति शेखावत को दिया, जिन्होंने सदैव छात्रों को अकादमिक और सह-पाठयक्रम गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया है। इस उपलब्धि ने न केवल कॉलेज का बल्कि हनुमानगढ़ जिले का नाम भी चिकित्सा जगत में और अधिक सम्मानित किया है

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story