हनुमानगढ़, 31 अक्टूबर। जिले में पेट्रोल और डीजल की अवैध बिक्री और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। शुक्रवार को जिला रसद अधिकारी सुनील घोड़ेला एवं प्रवर्तन निरीक्षक मनीष सिंगला की संयुक्त टीम ने संगरिया क्षेत्र में पांच अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 707 लीटर अवैध पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया।

जिला प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य पेट्रोल-डीजल की काला बाजारी को रोकना और जनता को गुणवत्ता युक्त ईंधन उपलब्ध कराना बताया गया। टीम ने संगरिया कस्बे में बलदेव कुमार माधव प्रसाद की दुकान से डीजल, पेट्रोल और संबंधित उपकरण जब्त किए। इसी प्रकार, गांव नाथवाना स्थित चोपड़ा एंटरप्राइजेज से डीजल और अन्य उपकरण बरामद किए गए।

इसके अतिरिक्त, गांव चक हीरा सिंह स्थित प्रभ आसरा कारगिल कैटल फीड की दुकान और बालाजी किराना स्टोर से पेट्रोल, डीजल तथा उपकरण जब्त किए गए। साथ ही, गांव किशनपुरा उतरादा से एक पिकअप वाहन में भरे अवैध पेट्रोलियम पदार्थ को भी कब्जे में लिया गया।

जिला रसद अधिकारी ने बताया कि अब जब्त किए गए 707 लीटर पदार्थ को आगामी जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में अवैध पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री और भंडारण पर कड़ी निगरानी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई जिले में ईंधन आपूर्ति की पारदर्शिता बनाए रखने और काला बाजारी पर अंकुश लगाने की दिशा में प्रशासन की गंभीर पहल को दर्शाती है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story