बारां, 3 नवम्बर। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर तथा सीईओ व नोडल अधिकारी स्वीप राजवीर सिंह चौधरी के निर्देशन में सोमवार को सीसवाली स्थित माता भगवती देवी देव संस्कृति महिला महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित कर प्रत्येक पात्र नागरिक को मताधिकार से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में स्वीप सह प्रभारी अमित भार्गव ने जानकारी दी कि जिले की अंता विधानसभा को छोड़कर अन्य सभी ब्लॉकों में 4 नवम्बर से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ईएलसी सदस्य अपने परिवार, मित्रों और आस-पड़ोस के लोगों को गणना फॉर्म भरकर बीएलओ को जमा कराने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

भार्गव ने बताया कि अभियान के दौरान बीएलओ मतदाता सूची में शामिल नामों का भौतिक सत्यापन करेंगे। प्रत्येक मतदाता को गणना फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे रंगीन फोटो और आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करना अनिवार्य होगा। निर्वाचन विभाग ने इस गणना के लिए वर्ष 2002 की मतदाता सूची को आधार माना है, जिसे विभाग की वेबसाइट www.election.rajasthan.gov.in

पर देखा जा सकता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाताओं को उनकी आयु और पूर्व सूची में नाम की स्थिति के आधार पर चार श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है। जिनका नाम 2002 की सूची में है, उन्हें केवल नया फोटो प्रस्तुत करना होगा। वहीं जिनका नाम सूची में नहीं है और जन्म तिथि 1 जुलाई 1987 से पहले की है, उन्हें फोटो और पहचान पत्र देना होगा। 1 जुलाई 1987 से 2 दिसम्बर 2004 के बीच जन्म लेने वाले मतदाताओं को अपना पहचान पत्र और माता-पिता में से किसी एक का पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। 2 दिसम्बर 2004 के बाद जन्म लेने वालों को स्वयं और माता-पिता दोनों के पहचान पत्र देने होंगे। हालांकि यदि माता-पिता के नाम 2002 की सूची में हैं, तो केवल स्वयं का पहचान पत्र पर्याप्त होगा।

अमित भार्गव ने यह भी बताया कि गणना फॉर्म ऑनलाइन माध्यम से भी भरा जा सकता है, जिससे प्रक्रिया और अधिक सरल व सुलभ बन गई है।

कार्यक्रम के अंत में कॉलेज परिसर में एक मानव श्रृंखला बनाकर मतदाता जागरूकता का सशक्त संदेश दिया गया। ईएलसी सदस्यों ने “SIR — सशक्त, इंफॉर्म्ड, रिस्पॉन्सिबल वोटर” का संदेश देते हुए पोस्टर प्रदर्शित किए और मतदाता अधिकार के प्रति जन-जागरूकता का आह्वान किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. डोली माहेश्वरी, ईएलसी प्रभारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद मौर्य, सह प्राध्यापक कुणाल गौतम, नरोत्तम नागर, स्वीप सदस्य रामचरण मीणा, राजेंद्र प्रसाद मीणा, स्टाफ सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के माध्यम से निर्वाचन विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और हर मतदाता गर्व के साथ लोकतंत्र की इस महान प्रक्रिया का हिस्सा बने।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story