जैसलमेर। पर्यटन नगरी जैसलमेर में रेलवे सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को एक अहम गतिविधि देखने को मिली, जब रेलवे पुलिस फोर्स (RPF) के महानिरीक्षक ज्योति कुमार सतीजा जैसलमेर पहुंचे। उनके आगमन के साथ ही रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक स्तर पर मूल्यांकन किया गया, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में स्पष्ट संदेश गया।

जैसलमेर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर RPF थाना प्रभारी सोमवीर चौधरी सहित रेलवे एवं RPF के वरिष्ठ अधिकारियों ने आईजी ज्योति कुमार सतीजा का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद आईजी सतीजा ने RPF अधिकारियों और जवानों के साथ एक सुरक्षा सम्मेलन में भाग लिया, जहां उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा, सतर्कता और जिम्मेदारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान स्टेशन पर बढ़ते यात्री आवागमन और पर्यटन गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।

दौरे के दौरान आईजी ज्योति कुमार सतीजा ने लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित जैसलमेर रेलवे स्टेशन का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफार्मों, प्रवेश एवं निकास द्वारों, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली तथा अन्य सुरक्षा इंतजामों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी सुरक्षा संबंधी अनुभव, सुविधाओं और समस्याओं के बारे में जानकारी भी ली, ताकि व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके।

आईजी सतीजा ने कहा कि जैसलमेर राजस्थान का एक प्रमुख पर्यटन केंद्र है, जहां हर वर्ष लाखों देशी और विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन की सुरक्षा न केवल प्रशासनिक दायित्व है, बल्कि पर्यटन की छवि और यात्रियों के भरोसे से भी जुड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि स्टाफ की कमी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए होमगार्ड जवानों की भी तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

आईजी ज्योति कुमार सतीजा का यह दौरा न केवल सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा तक सीमित रहा, बल्कि यह संकेत भी है कि जैसलमेर जैसे संवेदनशील और पर्यटन प्रधान क्षेत्र में रेलवे सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

— महेन्द्र सिंह चौहान

Next Story