वल्लभनगर। अड़िन्दा गांव स्थित प्राचीन केसरिया नाथ मंदिर के स्वामित्व को लेकर उठे विवाद ने सोमवार को नया मोड़ ले लिया, जब रावत समाज के सैकड़ों लोगों ने ट्रस्ट के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर उपखंड कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। समाज ने आरोप लगाया कि मंदिर का ऐतिहासिक स्वामित्व रावत समाज का रहा है, जिसे बाद में अनुचित तरीके से एक ट्रस्ट ने अपने अधीन ले लिया।

ज्ञापन में बताया गया कि समाज के इतिहासकारों, भाट-बड़वा की पोथियों और ऐतिहासिक प्रमाणों के अनुसार यह मंदिर सदियों से रावत समाज की आस्था और परंपरा का प्रतीक रहा है। समाज की धार्मिक गतिविधियों, जैसे वार्षिक ध्वज परिवर्तन, हवन, बालभोग और मेले के आयोजन में रावत समाज आज भी तन-मन-धन से सहभागिता निभा रहा है। बावजूद इसके, 1980 के दशक में क्षेत्र के जैन समाज के कुछ लोगों ने ट्रस्ट का गठन कर मंदिर की देखरेख का अधिकार अपने हाथ में ले लिया। रावत समाज का आरोप है कि इसके बाद से मंदिर परिसर के कई ऐतिहासिक प्रमाणों और संरचनाओं से छेड़छाड़ की गई, जो समाज की धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ है।

विवाद तब और गहराया जब गत सितंबर माह में रावत समाज द्वारा मंदिर के मुख्य द्वार पर स्वागत द्वार निर्माण का मुहूर्त और हवन किया गया। इस आयोजन में ट्रस्ट पदाधिकारी भी उपस्थित थे और उन्होंने कोई आपत्ति नहीं जताई। लेकिन स्वागत द्वार का निर्माण कार्य प्रारंभ होने से पहले ही खेरोदा थाना पुलिस ने समाज के चार युवाओं को शांति भंग के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी कर क्षेत्र में उनके आवागमन पर पाबंदी लगा दी। इसके बाद मंदिर परिसर के आसपास भारी पुलिस जाब्ता तैनात कर स्थाई पुलिस चौकी भी स्थापित कर दी गई।

इस कार्रवाई से आक्रोशित रावत समाज ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की जांच ऐतिहासिक तथ्यों के आधार पर कराते हुए मंदिर का स्वामित्व पुनः समाज को दिलाने की मांग की। साथ ही, बिना सरकार की अनुमति के स्थाई पुलिस चौकी स्थापित करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी रखी गई।

समाज ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो रावत समाज उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस दौरान प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में समाज के लोग एकजुट होकर अपनी धार्मिक और सामाजिक अस्मिता की रक्षा के लिए नारे लगाते रहे।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story