निवाई। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) भर्ती परीक्षा 2021 के परिणामों में टोंक जिले की निवाई तहसील के बहादुरपुरा गांव की बेटी सुमन गुर्जर ने ऐतिहासिक सफलता अर्जित की है। शारीरिक शिक्षक रामकिशन गुर्जर की सुपुत्री सुमन गुर्जर ने एमबीसी महिला वर्ग में संपूर्ण राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है। सुमन ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में 610वीं रैंक हासिल की है, जिसके बाद से ही पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और युवाओं के लिए वह प्रेरणा का केंद्र बन गई हैं।

सुमन गुर्जर के पिता रामकिशन गुर्जर राजकीय विद्यालय में अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। सुमन की यह निरंतर मेहनत का ही परिणाम है कि उन्होंने अपनी पिछली सफलता में सुधार किया है; पिछली भर्ती परीक्षा में उन्होंने 428वीं रैंक हासिल की थी और वर्तमान में वे आरपीएस (राजस्थान पुलिस सेवा) की ट्रेनिंग ले रही हैं। इस बार की मुख्य परीक्षा में सुमन ने 216 अंक और साक्षात्कार में 56 अंक प्राप्त कर कुल 272 अंकों के साथ एमबीसी महिला वर्ग में शीर्ष स्थान सुनिश्चित किया। साधारण ग्रामीण परिवेश और एक सामान्य परिवार से निकलकर सुमन ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और अटूट संकल्प के बल पर इस मुकाम को हासिल किया है।

इस गौरवमयी उपलब्धि पर क्षेत्र के प्रबुद्धजनों और ग्रामीणों का कहना है कि सुमन की सफलता यह सिद्ध करती है कि यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो किसी भी बाधा को पार किया जा सकता है। उनकी यह उपलब्धि समाज के विकास, सुशासन और जनहित के कार्यों में नई दिशा प्रदान करेगी। ग्रामीणों को पूर्ण विश्वास है कि सुमन प्रशासनिक सेवा में ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का समाधान करेंगी।

सफलता की सूचना मिलते ही बहादुरपुरा गांव सहित निवाई क्षेत्र में उत्सव का माहौल हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने आतिशबाजी कर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर हर्ष व्यक्त किया। इस अवसर पर श्रीदेवनारायण मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं तहसीलदार नरेश गुर्जर, महामंत्री रतनदीप गुर्जर, श्री देवनारायण गुर्जर छात्रावास के अध्यक्ष रामभजन गुर्जर, पीएम श्री राउमावि के प्रधानाचार्य गिरिराज प्रसाद गुर्जर, सरस्वती विद्या मंदिर के पूर्व प्रधानाचार्य सुरेश चन्द पारीक, बालिका प्रधानाचार्या सीमा माथुर, शारीरिक शिक्षक जन्सी पोसवाल तथा कृषि अधिकारी कजोड मल गुर्जर सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों ने सुमन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




Next Story