महिला सुरक्षा: राजस्थान पुलिस ने महिला बीट अधिकारी व्यवस्था को किया मजबूत
एसपी विकास सांगवान ने धौलपुर कलेक्ट्रेट में महिला बीट अधिकारियों की बैठक लेकर स्कूलों, कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने और त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

धौलपुर कलेक्ट्रेट सभागार में महिला सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में महिला बीट अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक प्रभावी, संवेदनशील तथा परिणामोन्मुख बनाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस ने महिला बीट अधिकारी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी क्रम में जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने जिला कलेक्ट्रेट सभागार में महिला बीट अधिकारियों एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने महिला बीट अधिकारियों की भूमिका, जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्र में नियमित रूप से भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं से सतत संवाद स्थापित करे। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, छात्रावासों, कोचिंग संस्थानों तथा सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव के उपायों, महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में व्यापक जनजागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए घरेलू हिंसा, बाल विवाह, दहेज प्रताड़ना, छेड़छाड़ और साइबर अपराधों के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला बीट अधिकारी पुलिस और आमजन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनकर कार्य करें। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ दायित्वों का निर्वहन करने पर बल दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने महिला बीट अधिकारियों को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों, स्वयं सहायता समूहों, ग्राम स्तरीय समितियों तथा शिक्षण संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि महिला बीट अधिकारी व्यवस्था का मूल उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को मजबूत करना है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें पुलिस सहायता सहज, त्वरित और प्रभावी रूप से उपलब्ध हो सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को राज्य सरकार एवं राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करते हुए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

Uttam Dixit, Dholpur
नाम: उत्तम दीक्षित
वर्तमान पद: संभाग प्रमुख (भरतपुर संभाग, राजस्थान)
कार्यक्षेत्र / स्थान: धौलपुर एवं भरतपुर संभाग, राजस्थान
पत्रकारिता का अनुभव
उत्तम दीक्षित जी को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 40 वर्षों का दीर्घकालिक एवं व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपने लंबे पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने देश एवं प्रदेश के प्रमुख मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं:
प्रिंट मीडिया (Print Media):
दैनिक प्रातःकाल, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, पंजाब केसरी, दैनिक आज, विकासशील भारत, सीमा संदेश, जयपुर टाइम्स, राजस्थान दर्शन।
इलेक्ट्रॉनिक / टीवी मीडिया (Electronic Media):
TV99, A1TV, न्यूज नेशन (News Nation), प्रजातंत्र टीवी (Prajatantra TV), इंडिया वॉइस (India Voice), हिंदी खबर (Hindi Khabar), साधना प्लस (Sadhna Plus), वीआईपी न्यूज (VIP News)।
