ब्यावर, 15 मार्च। राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र परिसर में शनिवार को प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:30 बजे तक वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी में चयनित उत्पाद फेल्डस्पार पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसके माध्यम से आगंतुकों को जिले के प्रमुख उत्पाद और उनसे जुड़े उद्योगों की विस्तृत जानकारी दी गई।

जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि ब्यावर के कलाकारों द्वारा बनाई जा रही पिछवाई चित्रकला अत्यंत उत्कृष्ट है और इसके ऑर्डर अन्य जिलों से भी प्राप्त हो रहे हैं। यहां तैयार उत्पाद विभिन्न स्थानों पर भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों को आधुनिक मंचों, विशेष रूप से ई-कॉमर्स के माध्यम से भी बाजार तक पहुंचाना चाहिए, ताकि उन्हें व्यापक बाजार और बेहतर पहचान मिल सके। कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि स्थानीय कलाकारों, हस्तशिल्पियों, बुनकरों और उद्यमियों को आगे बढ़ाने में जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा।

प्रदर्शनी के दौरान कलेक्टर ने हस्तशिल्प, चित्रकला और बुनकर उत्पादों के स्टॉल का अवलोकन किया तथा लघु उद्योग से जुड़ी महिलाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान स्थानीय कलाकारों का माला पहनाकर स्वागत भी किया गया।

प्रदर्शनी में कई सम्मानित कलाकारों और उद्यमियों ने भाग लिया, जिनमें कल्याणमल साहू, ओंकार लाल, हरि सिंह, हीरा सिंह, सत्यनारायण बालोदिया, रामलाल, बाबूलाल, चमड़े के कारीगर महेश जीनगर, जैतारण चमड़े की जूती के कारीगर, उद्यमी मुकेश कुमार गर्ग और समाजसेवी बलवंत सिंह भाटी सहित अन्य शामिल रहे।

सहायक आयुक्त सुश्री आर्ची जैन ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य ओडीओपी उत्पादों को प्रोत्साहन देना और स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों को मंच प्रदान करना है। प्रदर्शनी में पेंटिंग, हस्तशिल्प और बुनकर उत्पादों सहित स्थानीय कारीगरों तथा उद्यमियों के 15 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जहां आगंतुकों को स्थानीय उत्पादों की विविधता देखने और खरीदने का अवसर मिला।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी के दौरान आगंतुकों को उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ सकें। कार्यक्रम के अंत में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र ने प्रदर्शनी में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने वाले सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन स्थानीय कला, हस्तशिल्प और उद्यमिता को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

Jagdish Mali, Raipur

Jagdish Mali, Raipur

नाम: जगदीश माली

वर्तमान पद: संवाददाता (रायपुर मारवाड़)

कार्यक्षेत्र: जिला पाली और जिला ब्यावर (विशेष रूप से रायपुर तहसील, जैतारण तहसील एवं इनके अंतर्गत आने वाले क्षेत्र)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और बिज़नेस

परिचय 

जगदीश माली राजस्थान के पाली और ब्यावर जिलों के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से रायपुर मारवाड़, रायपुर तहसील और जैतारण तहसील सहित इसके अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खबरों को कवर करते हैं। जगदीश माली स्थानीय प्रशासन, पुलिस थाना, अस्पताल, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ी सभी प्रकार की महत्वपूर्ण खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

जगदीश माली को क्षेत्रीय धरातल पर समाचार संकलन और मीडिया रिपोर्टिंग का 5 साल का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक बैठकों और विकास कार्यों को निरंतर रिपोर्ट किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (12वीं पास) पूरी की है।

Next Story