बारां, 3 नवम्बर। आगामी 11 नवम्बर को होने वाले अंता विधानसभा उपचुनाव के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज़ कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देशन में चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सभी चरणों के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया गया है। मतदान से लेकर मतगणना तक प्रत्येक गतिविधि को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए विस्तृत तिथियां निर्धारित की गई हैं, वहीं मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए हैं।





निर्वाचन अधिकारी तोमर ने बताया कि मतदान दलों की रवानगी एवं चुनाव सामग्री वितरण 5 नवम्बर को किया जाएगा। मतगणना कार्य का प्रथम प्रशिक्षण 8 नवम्बर को आयोजित होगा, जबकि मतदान दलों का तृतीय प्रशिक्षण 10 नवम्बर को रखा गया है। इसके अलावा, मतगणना कार्य का द्वितीय प्रशिक्षण 12 नवम्बर को संपन्न होगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक कार्मिक अपनी भूमिका और जिम्मेदारियों से पूर्णतः अवगत रहकर निर्विघ्न मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित कर सके।

लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु जिला कलक्टर ने मनरेगा श्रमिकों के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। महात्मा गांधी नरेगा योजनान्तर्गत अंता विधानसभा क्षेत्र में कार्यरत सभी श्रमिकों को 11 नवम्बर, मतदान दिवस पर संवैतनिक अवकाश दिया जाएगा। इस निर्णय का उद्देश्य है कि कोई भी श्रमिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे और क्षेत्र में शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य पूरा किया जा सके।

इसी क्रम में, निर्वाचन शांति और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए जिले में 9 नवम्बर से 11 नवम्बर तक ‘सूखा दिवस’ घोषित किया गया है। वित्त (आबकारी) विभाग के आदेशानुसार यह अवधि 9 नवम्बर को सायं 6 बजे से 11 नवम्बर को सायं 6 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान अंता विधानसभा क्षेत्र की राजस्व सीमा में स्थित किसी भी होटल, भोजनालय, मदिरालय, दुकान अथवा सार्वजनिक एवं निजी स्थान पर मादक पदार्थों का विक्रय, वितरण या सेवन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके अतिरिक्त, मतदान क्षेत्रों की सीमाओं से बाहर तीन किलोमीटर की परिधि में भी मतदान समाप्ति से 48 घंटे पूर्व से लेकर मतदान समाप्ति तक यह आदेश लागू रहेगा।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लें, अपने मताधिकार का प्रयोग करें और निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story