छोटीसादड़ी। सीतामाता वन्यजीव अभयारण्य में वन्यजीव एवं वन संसाधनों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे सघन गश्त अभियान के तहत अधिकारियों ने एक खैर की लकड़ी से भरी पिकअप वाहन जब्त कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई रात्रिकालीन गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर धोलिया मुंडला क्षेत्र में की गई।

उप वन संरक्षक वन्यजीव, चित्तौड़गढ़ मृदुला सिंह के निर्देशन में संचालित इस अभियान में धरियावद सहायक वन संरक्षक वन्यजीव राम मोहन मीना की टीम प्रमुख रही। पांचागुड़ा एवं रणा नाका स्टाफ की उपस्थिति में की गई इस कार्रवाई में वन रक्षक कालूराम, अनिल कटारा, बाबूलाल तथा होमगार्ड कर्मी भी शामिल थे।

एसीएफ राम मोहन मीना ने बताया कि वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु अभयारण्य की टीम द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार निरंतर गश्त की जा रही है। जब्त पिकअप वाहन में खैर की लकड़ी होने के कारण मामले में राजस्थान वन अधिनियम और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अग्रिम कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई से न केवल वन्यजीवों और वन संसाधनों की सुरक्षा को मजबूती मिली है, बल्कि यह अवैध लकड़ी की तस्करी पर शिकंजा कसने की दिशा में भी एक प्रभावशाली कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे अभियान अभयारण्य के संवेदनशील क्षेत्रों में कानून और सुरक्षा की उपस्थिति बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story